यूपी चुनाव में मुसलमानों के टिकट को लेकर राजनाथ का बड़ा बयान

punjabkesari.in Thursday, Feb 23, 2017 - 07:39 PM (IST)

लखनऊ:केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश चुनाव के संबंध में एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने एक निजी चैनल को दिए अपने एक इंटरव्यू में कहा है कि यूपी चुनाव में बीजेपी को मुस्लिम उम्मीदवारों को भी टिकट देने चाहिए थे। जानकारी के अनुसार राजनाथ सिंह ने कहा कि हमने कई दूसरे प्रदेशों में अल्पसंख्यकों को टिकट दिए हैं। यूपी)में भी इसपर बात होनी चाहिए थी। मैं वहां नहीं था, मुझे जो पता है उसी के आधार पर बोल रहा हूं। राजनाथ ने आगे कहा कि मैं मानता हूं कि उन्हें (मुस्लिम) को भी टिकट दिया जाना चाहिए था।

कांग्रेस-सपा के बीच ‘ठगबंधन’
केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सपा-कांग्रेस गठबंधन को ‘ठगबंधन’ करार देते हुए कहा कि सपा और बसपा दोनों ही दलों में भ्रष्ट नेताआें की भरमार है। राजनाथ ने एक चुनावी सभा में सपा-बसपा पर हमला बोलते हुए कहा कि दोनों ही दलों में कई भ्रष्ट नेता हैं। उन्होंने कांग्रेस और सपा के गठबंधन को ‘ठगबंधन’ करार दिया। साथ ही कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सरकार में उत्तर प्रदेश में कोई विकास कार्य नहीं हुआ।

नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार पर कोई भी दाग नहीं
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सपा और कांग्रेस ने गठबंधन किया है। समझौते के तहत 403 विधानसभा सीटों में से 105 सीटें कांग्रेस को मिली हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की लहर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार पर कोई भी दाग नहीं है और देश विकास कर रहा है। उत्तर प्रदेश में भाजपा सत्ता में आई तो किसानों को एक साल के लिए शून्य ब्याज पर कर्ज दिया जाएगा। बेरोजगारों को 20 हजार करोड़ रुपए का पैकेज मिलेगा।