ऑनर किलिंग हत्याकांड पर NCW सख्त: यूपी DGP को लिखा पत्र, मांगी विस्तृत रिपोर्ट

punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 09:01 PM (IST)

लखनऊ: राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने उत्तर प्रदेश के कुशीनगर की एक किशोरी की क्रूर हत्या से संबंधित खबरों का शनिवार को स्वतः संज्ञान लिया। किशोरी का क्षत-विक्षत और सिर कटा हुआ शव कथित तौर पर लखनऊ के एक स्टेशन पर ट्रेन के डिब्बे में मिला था। आयोग ने एक बयान में कहा कि खबरों में घटना के पीछे संभावित ''झूठी शान के लिए हत्या'' या ''घृणा अपराध'' का संदेह जताया गया है। एक व्यक्ति ने अपनी बहन और बहनोई की मदद से अपनी 15 वर्षीय बेटी की अंतरधार्मिक संबंध को लेकर कथित तौर पर हत्या कर दी।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने DGP को लिखा पत्र 
एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष विजया रहाटकर ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर इस मामले में "तत्काल, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच" कराने का निर्देश दिया है। आयोग ने सात दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) भी मांगी है। बयान में कहा गया है, ''एनसीडब्ल्यू ने उत्तर प्रदेश के कुशीनगर की एक लड़की की क्रूर हत्या के संबंध में बेहद भयावह मीडिया खबरों का स्वतः संज्ञान लिया है।

छपरा-गोमती एक्सप्रेस में मिला था युवती का शव 
मीडिया की खबरों के अनुसार, लखनऊ के गोमती नगर रेलवे स्टेशन पर छपरा-गोमती नगर एक्सप्रेस के एक डिब्बे से लड़की का क्षत-विक्षत और सिर कटा हुआ शव बरामद किया गया। खबरों में हत्या के पीछे कथित झूठी शान के लिए हत्या या घृणा अपराध की आशंका जतायी गई है।'' राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने प्राथमिकी में उल्लिखित धाराओं, संदिग्धों की गिरफ्तारी और पूछताछ की स्थिति और पीड़िता के कटे हुए सिर और अपराध में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए उठाए गए कदमों के संबंध में विस्तृत जानकारी मांगी है।

डिजिटल जांच संबंधित अन्य जानकारी मांगी 
एनसीडब्ल्यू ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य डिजिटल जांच निष्कर्षों से संबंधित जानकारी भी मांगी है। इसमें कहा गया है, ''आयोग ने निर्देश दिया है कि संभावित झूठी शान के लिए हत्या या घरेलू हिंसा से संबंधित सभी पहलुओं की गहन जांच की जाए।'' बयान में कहा गया है कि आयोग ने पीड़िता के परिवार के अन्य सदस्यों और गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही है।

क्रूर हिंसा किसी भी परिस्थिति में अस्वीकार्य
घटना की निंदा करते हुए एनसीडब्ल्यू ने कहा, "महिलाओं के खिलाफ इस तरह की क्रूर हिंसा किसी भी परिस्थिति में अस्वीकार्य है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।" पुलिस के अनुसार सत्रह मई को, 15 वर्षीय किशोरी का क्षत-विक्षत धड़ गोमती नगर रेलवे स्टेशन पर छपरा-गोमती नगर एक्सप्रेस के एक डिब्बे के बक्से से बरामद किया गया था, जबकि उसका सिर बाद में कुशीनगर के एक तालाब में मिला था।

अंतरधार्मिक संबंध के संदेह में हत्या 
पुलिस ने यह भी बताया कि पीड़िता के हाथ और पैर अलग-अलग पॉलिथीन बैग में रखे गए थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले अपनी बेटी के साथ मारपीट की और बेटी द्वारा कथित तौर पर आत्महत्या करने की कोशिश करने के बाद उसने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। पुलिस ने बताया कि हत्या से पहले उसने अपनी पत्नी और बेटों को घर से बाहर भेज दिया था। पुलिस ने बाद में आरोपी और उसके दो अन्य रिश्तेदारों को गिरफ्तार कर लिया और आरोप लगाया कि हत्या अंतरधार्मिक संबंध के संदेह में की गई थी। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static