झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले बिखरा NDA, 80 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी BJP

punjabkesari.in Thursday, Nov 14, 2019 - 06:38 PM (IST)

रांचीः झारखंड विधानसभा चुनावों से ठीक पहले भाजपा और आजसू का गठबंधन टूट गया है। इसके साथ ही राज्य में एनडीए पूरी तरह से बिखर गई है। एनडीए के घटक दल लोजपा और जदयू ने भी पहले ही राज्य में अलग चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। भाजपा अब झारखंड की 80 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। वहीं भाजपा एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार का समर्थन करेगी।

भारतीय जनता पार्टी और ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन(AJSU) के बीच सीटों का तालमेल नहीं होने की वजह से यह गठबंधन टूटा है। 53 सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है। बाकी 27 सीटों पर भी पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी। वहीं आजसू 12 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुका है। इससे पहले लोजपा और जदयू ने भी राज्य में अकेले विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। लोजपा ने झारखंड में 50 सीटों पर प्रत्याशी उतारने का फैसला लिया है।

बता दें कि झारखंड की 81 विधानसभा सीटों पर पांच चरणों में चुनाव होने हैं। 30 नवंबर को पहले चरण के तहत 13 सीटों पर मतदान होंगे। दूसरे चरण का मतदान 7 दिसंबर, तीसरे चरण का मतदान 12 दिसंबर, चौथे चरण का मतदान 16 दिसंबर और पांचवें चरण का मतदान 20 दिसंबर को होगा। 23 दिसंबर को मतगणना होगी।

prachi