उत्तर प्रदेश में युवा लड़कियों के लिए खेल गतिविधियों का आयोजन करेगी Nisha Foundation

punjabkesari.in Tuesday, Jan 25, 2022 - 02:45 PM (IST)

 

नई दिल्ली/लखनऊः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभियान को बढ़ावा देने के लिए प्राइवेट चैरिटेबल ट्रस्ट निशा फाउंडेशन निकट भविष्य में उत्तर प्रदेश की युवा लड़कियों के लिए खेल गतिविधियों का आयोजन करने जा रहा है। ट्रस्ट महिला सशक्तिकरण, बाल शिक्षा, लिंग चयन के आधार पर होने वाले गर्भपात की रोकथाम के लिए काम करता है।

निशा फाउंडेशन की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए इसकी संस्थापक और अध्यक्ष प्रियंका कोठारी ने सोमवार को राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर एक घोषणा की। लोकप्रिय बॉलीवुड अदाकारा प्रियंका कोठारी ने कहा "निशा फाउंडेशन गांवों में बहुत काम कर रहा है और अब उत्तर प्रदेश में छोटी लड़कियों के लिए खेल गतिविधियों का आयोजन करने जा रहा है, कोविड 19 की स्थिति को देखते हुए इसमें थोड़ी देरी हो सकती है।"

निशा फाउंडेशन आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं की सहायता और समर्थन करने की अपनी प्रतिबद्धता के प्रति निरंतर रहा है और इन महिलाओं को शिक्षित करने में भी सहायता की है। बाल लिंग अनुपात में गिरावट के मुद्दे पर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारत हर साल 24 जनवरी को राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाता है। इस दिन का उद्देश्य लड़कियों के प्रति समाज के नजरिये को बदलना भी है।

राष्ट्रीय बालिका दिवस के उद्देश्य
राष्ट्रीय बालिका दिवस का उद्देश्य एक लड़की के अधिकारों के बारे में जागरूकता पैदा करना और लड़कियों को हर किसी की तरह अवसर देना, साथ ही राष्ट्र की बालिकाओं का समर्थन करना और लिंग आधारित पूर्वग्रहों को दूर करना है। इस दिन को मनाने का अन्य उद्देश्य एक बालिका के सामने आने वाली असमानताओं के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देना और लड़कियों की शिक्षा के बारे में लोगों को शिक्षित करना भी है।

मूल रूप से उन्हें महत्व देना और हर किसी की तरह उनका सम्मान करना और बालिकाओं के प्रति एक नया दृष्टिकोण देना तथा भेदभाव को कम करना भी एक उद्देश्य है। इसमें मुख्य फोकस लड़कियों के प्रति समाज का नजरिया बदलने, कन्या भ्रूण हत्या को कम करने और घटते लिंगानुपात के बारे में जागरूकता पैदा करने पर है।
 

Content Writer

Nitika