गरीबी हटाओ का नारा देने वाली पार्टी ने गरीबों के लिए कुछ नहीं किया: गडकरी

punjabkesari.in Thursday, Jan 25, 2018 - 07:59 PM (IST)

महराजगंज: केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कांग्रेस का नाम लिये बगैर आज कहा कि गरीबी हटाओ का नारा देने वाले एक राजनीतिक दल ने देश में साठ सालों तक राज तो किया लेकिन इस क्षेत्र को पिछड़ा ही रखा। 

गडकरी ने आज यहां 750 करोड रूपये की परियोजनाओं लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होने कहा कि यह प्रदेश धनवान है लेकिन यहां के लोग गरीब है। एक राजनीतिक दल ने देश में साठ सालों तक राज किया लेकिन गरीबी हटाने के लिये कुछ नहीं किया। उस दल ने केवल गरीबी हटाओ का नारा दिया।  

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि गंगा और यमुना इसी प्रदेश से होकर जाती है लेकिन यहां का किसान आज भी गरीबी में जीवन यापन कर रहा है। लोगों के पास रोजगार नहीं है। प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद हालत सुधरेंगे। सरकार प्रदेश को गरीबी, भुखमरी और भ्रष्टाचार से मुक्त करा कर सुशासन के रास्ते पर आगे ले जायेगी। 

उन्होंने कहा कि साहित्य, संस्कृति, कला एवं भगवान राम, कृष्ण और महात्मा बुद्ध की धरती उत्तर प्रदेश को देश का दिल कहा जाता है। देश का यह समृद्धशाली प्रदेश आज बेगारी के चलते गरीबी का दंश झेल रहा है। प्रदेश में सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का आभाव है।