सपा-कांग्रेस गठबंधन पर नीतीश ने जताया अफसोस, कहा-इस पार्टी को भी शामिल कर लेते

punjabkesari.in Monday, Feb 06, 2017 - 07:38 PM (IST)

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने उत्तर प्रदेश (यूपी) विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सिर्फ गठबंधन बनने पर अफसोस जाहिर किया और कहा कि वह चाहते थे कि बिहार की तरह ही उत्तर प्रदेश में भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हार सुनिश्चित करने के लिए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को साथ लेकर महागठबंधन बनता।

नीतीश कुमार ने आज यहां लोक संवाद कार्यक्रम के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में साम्प्रदायिक भाजपा के खिलाफ सभी धर्मनिरपेक्ष दलों को एकजुट कर महागठबंधन बनाये जाने के पक्ष में थी लेकिन अफसोस है कि ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यदि बसपा भी सपा-कांग्रेस गठबंधन में शामिल होती तो इसे महागठबंधन कहा जाता। अभी सपा-कांग्रेस के बीच जो चुनावी तालमेल हुआ है वह सिर्फ एक गठबंधन है न कि महागठबंधन जैसा कि बिहार में हुआ था। 

जदयू नेता ने कहा कि बिहार में विधानसभा चुनाव से पूर्व वर्ष 2015 में जदयू, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस का महागठबंधन बना था। राज्य की जनता ने इस महागठबंधन को स्वीकार किया और भाजपा को करारी हार मिली। उन्होंने कहा कि इस प्रयोग को उत्तर प्रदेश के चुनाव में भी दोहराना चाहिए था। 

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें