नीतीश-शाह का ऐलानः बिहार में BJP और JD(U) बराबर सीटों पर लड़ेंगी चुनाव

punjabkesari.in Friday, Oct 26, 2018 - 09:37 PM (IST)

पटना/दिल्लीः बिहार में भारतीय जनता पार्टी और जनता दल (यू) में लोकसभा चुनाव की सीटों को लेकर सहमति बन गई है तथा दोनों पार्टी बराबर-बराबर सीटों पर चुनाव लड़ेंगी और सीटों की संख्या का ऐलान बाकी दो सहयोगी दलों के साथ विचार विमर्श के बाद दो-तीन दिन में होगा।  भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच शु्क्रवार को दिल्ली में हुई बैठक के बाद इसकी घोषणा की गई।  

भाजपा के दोनों सहयोगी लोजपा तथा रालोसपा जहां अपनी सीटों को बढ़ाने पर जोर दे रही हैं वहीं शाह ने साफ किया कि नए साथी (जद यू) के आने से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सभी घटक दलों की पिछली बार की तुलना में सीटों की संख्या कम होगी।

संवाददाता सम्मेलन में लोजपा और रालोसपा के नेता मौजूद नहीं थे।  शाह ने कहा कि चारों पार्टी राजग का हिस्सा है और सभी एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे। शाह ने कहा कि दलों के बीच सैद्धांतिक सहमति हो गई है और इसके बाद बिहार में इन पार्टियों के नेता बैठकर बात करेंगे और सीटों की संख्या की घोषणा इसके बाद ही की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी दलों को एक दूसरे के साथ सहयोग कर आगे बढ़ना होगा।   

एक नजर पुराने नतीजों परः

  • पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा और जद यू का गठबंधन नहीं था। 
  • भाजपा ने लोजपा और रालोसपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। 
  • भाजपा 30, लोजपा 7 और रालोसपा ने 3 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए थे। 
  • भाजपा को 22, लोजपा को 6 और रालोसपा को 3 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। 
  • पिछले चुनाव में जद (यू) को सिर्फ दो सीटों पर जीत मिली थी।   

 

 

  • इससे पहले 2009 के चुनाव में भाजपा और जद (यू) मिलकर चुनाव लड़े थे।
  • उस समय जद (यू) ने 25 और भाजपा ने 15 सीटों पर चुनाव लड़ा था।   


बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उन्होंने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भी बैठक की जिसमें बिहार के विकास के बारे में चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को यह बताया गया कि राज्य सरकार ने 206 जिलों को सूखाग्रस्त घोषित किया है। दोनों के बीच राज्य से संबंधित अन्य विकास कार्यों पर भी बातचीत हुई।

prachi