हैरान करने वाली वारदात: पहले किया मां से झगड़ा, फिर चाकू से गोदा और खुद 5वीं मंजिल से लगाई छलांग
punjabkesari.in Sunday, Jun 07, 2026 - 08:09 AM (IST)
Noida News: ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय एक युवक ने एक इमारत की 5वीं मंजिल से कथित तौर पर कूदकर शनिवार को आत्महत्या कर ली। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस के अनुसार, मृतक सागर यादव मानसिक रूप से अस्थिर था और उसने अपनी मां से झगड़े के बाद उस पर कथित तौर पर चाकू से हमला करने के बाद यह आत्मघाती कदम उठाया। बिसरख पुलिस थाने के कर्मियों ने बताया कि यादव अपने माता-पिता और छोटे भाई के साथ रहता था।
मां पर चाकू से हमला करने के बाद युवक ने 5वीं मंजिल से लगाई छलांग
पुलिस ने बताया कि परिवार के सदस्यों के अनुसार, सागर यादव मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं था। शनिवार को उसका मां से झगड़ा हुआ, जिस दौरान उसने मां पर कथित तौर पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद उसने पांचवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट से छलांग लगा दी।
चिकित्सकों ने युवक को घोषित किया मृत
पुलिस ने बताया कि यादव को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि उसकी मां का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

