नई क्रेटा कार पर नकाबपोशों ने पोत दिया पेंट, पार्किंग में घुसकर की ऐसी हरकत कि पुलिस भी रह गई हैरान
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 11:27 AM (IST)
Noida News: दिल्ली से सटे नोएडा के हाई-प्रोफाइल इलाके फिल्म सिटी (सेक्टर-16ए) से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जहां नोएडा प्राधिकरण की अंडरग्राउंड पार्किंग में खड़ी एक नई काली हुंडई क्रेटा (Hyundai Creta) को शरारती तत्वों ने निशाना बनाया। तीन नकाबपोश युवकों ने कार पर स्प्रे पेंट छिड़क कर उसे पूरी तरह बर्बाद कर दिया।
रात के अंधेरे में स्कूटी से आए थे पेंटर
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, यह घटना 7 मार्च की रात करीब 2 बजे की है। पीड़ित रोहित की काली क्रेटा फिल्म सिटी की पार्किंग में खड़ी थी। सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित के दावों के अनुसार, एक स्कूटी पर सवार तीन युवक पार्किंग में दाखिल हुए। आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट और स्कार्फ का सहारा लिया था।
बिना किसी डर के कार को किया खराब
पार्किंग के भीतर घुसकर इन युवकों ने बड़े आराम से पूरी कार पर सफेद या अन्य रंग का पेंट स्प्रे कर दिया। सुबह जब रोहित अपनी कार लेने पहुंचे, तो गाड़ी की हालत देखकर दंग रह गए। कार का ओरिजिनल पेंट पूरी तरह खराब हो चुका था और वह चलाने लायक स्थिति में नहीं थी। पीड़ित ने तुरंत इस मामले की जानकारी थाना सेक्टर-20 पुलिस को दी।
प्राधिकरण की पार्किंग पर खड़े हुए सवाल
इस घटना ने नोएडा प्राधिकरण (Noida Authority) की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। लोगों का कहना है कि जब शुल्क लेकर दी जाने वाली आधिकारिक पार्किंग में भी गाड़ियां सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी अपनी गाड़ी कहां खड़ी करे? सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर काफी आक्रोश देखा जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई
थाना सेक्टर-20 पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। स्कूटी के नंबर और आरोपियों के हुलिए के आधार पर उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
बेरहम टीचर! पिटाई के दौरान छात्र की आंख में घुसा दी छड़ी! फट गया पर्दा, चली गई मासूम की आंख की रोशनी

