अब नोएडा से लखनऊ का सफर जेब पर पड़ेगा भारी, लगेगा 915 रुपए टोल

punjabkesari.in Friday, Jan 05, 2018 - 02:06 AM (IST)

लखनऊ: यमुना एक्सप्रेस-वे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के जरिए लखनऊ तक का सफर करने के लिए आपको अपनी जेब ढीली करनी पड़ेगी। अगर 15 जनवरी के बाद आपको लखनऊ से आगरा जाना है तो 500 रुपए और खर्च करने के लिए तैयार हो जाइए। चूंकि आगरा के रास्ते यमुना एक्सप्रेस-वे होते हुए ग्रेटर नोएडा जाने पर 415 रुपए टोल में देने होते हैं, लिहाजा अब लखनऊ से दिल्ली जाने पर कुल 915 रुपए टोल राशि चुकानी होगी।

अब तक देश के सबसे लंबे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की आवाजाही के लिए कोई टोल नहीं लगता था। लेकिन 15 जनवरी से इस पर टोल वसूली शुरू हो जाएगी। बताया जाता है कि इस मार्ग पर दो टोल प्लाजा होंगे, एक लखनऊ और एक आगरा की तरफ। यूपी एक्सप्रेस-वे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी टोल प्लाजा का संचालन करेगी। 

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, 'हम टोल की राशि पर मुहर लगाने की प्रक्रिया में हैं। टोल की रकम हर एग्जिट पॉइंट पर वसूली जाएगी। मसलन अगर कोई लखनऊ से जा रहा है और कन्नौज में एक्सप्रेस-वे से बाहर निकलता है, तो उन्हें टोल प्लाजा लखनऊ पर इसकी जानकारी देनी होगी। इसके बाद उन्हें घटी हुई टोल राशि देनी होगी।' एक्सप्रेस-वे पर अभी काम खत्म नहीं हुआ है। यूपी के उद्योग मंत्री सतीश महाना का कहना है कि पहले दो महीने के लिए राज्य सरकार टोल वसूलेगी। उन्होंने बताया, 'पहले दो महीने में चीजें किस तरह आगे बढ़ती हैं, इसका आकलन करने के बाद हम टोल कलेक्शन के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू करेंगे।'