106 साल की महिला की हिम्मत, इस उम्र में भी पहुंची वाेट देने!(Pics)

punjabkesari.in Thursday, Feb 23, 2017 - 08:24 PM (IST)

इलाहाबादः उत्तर प्रदेश वि‍धानसभा के चौथे चरण के मतदान में गुरुवार को बुजुर्गों का जज्बा साफताैर पर देखने काे मिला। इस दाैरान एक बुजुर्ग महिला अपने नाती की गाेद में बैठकर वाेट डालने पहुंची। 106 साल की इस महिला का नाम बदामी देवी है। वे इलाहाबाद में शहर पश्चिमी विधानसभा के श्यामलाल इंटर कालेज, कसारी मसारी, चकिया में वोटिंग के लि‍ए पहुंचीं। उनका नाती सुनील कुमार गुरुवार सुबह 11 बजे उन्हें गोद में लेकर वोट डलवाने लाया। इस मौके पर बदामी देवी ने कहा कि‍ वे हर बार मतदान जरूर करती हैं। 5 लड़के और 5 लड़कियों की मां बदामी पढ़ी-लिखी नहीं हैं। उनके साथ उनकी छोटी बहू गुड़िया भी वोट देने पहुंची थी।

बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए राजनीतिक दलों के जोरदार प्रचार अभियान के बाद बुंदेलखण्ड क्षेत्र के विभिन्न जिलों समेत 12 जनपदों की 53 सीटों के लिए आज मतदान शुरु हो गया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली के साथ-साथ प्रतापगढ़, कौशाम्बी, इलाहाबाद, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट और फतेहपुर जिलों की 53 सीटों पर आज कुल 680 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। वर्ष 2012 में इन 53 सीटों पर हुए चुनाव में सपा को 24 सीटों पर सफलता प्राप्त हुई थी। इसके अलावा बसपा ने 15, कांग्रेस ने 6, भाजपा ने 5 तथा पीस पार्टी ने 3 सीटें जीती थीं।