Gorakhpur में सिटी मॉल के नामी रेस्टोरेंट में बर्थडे पार्टी में परोसा कॉकरोच, बिरयानी की प्लेट देख उड़े मेहमानों के होश
punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 09:22 AM (IST)
Gorakhpur News: शहर के मशहूर सिटी मॉल स्थित एक रेस्टोरेंट में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मासूम के जन्मदिन की पार्टी में परोसी गई बिरयानी के अंदर मरा हुआ कॉकरोच का बच्चा मिला। इस घटना के बाद परिवार ने जमकर हंगामा किया और मामले की शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग से की। जांच में रेस्टोरेंट के किचन की हालत देखकर अधिकारी भी दंग रह गए, जिसके बाद रेस्टोरेंट को तुरंत बंद करने का आदेश दे दिया गया है।
खुशियों वाली पार्टी में निकला मरा हुआ कॉकरोच
पीपीगंज के रहने वाले सचिन वर्मा बुधवार शाम अपने बेटे सात्विक का जन्मदिन मनाने के लिए परिवार और दोस्तों (करीब 20 लोग) के साथ सिटी मॉल के एक नामी रेस्टोरेंट पहुँचे थे। पार्टी का माहौल था और करीब 14 लोगों ने नॉनवेज बिरयानी का ऑर्डर दिया था। खाना खाने के दौरान सचिन के दोस्त अम्रपाल रावत की प्लेट में अचानक एक मरा हुआ कॉकरोच निकला। बिरयानी में कॉकरोच देखते ही मेहमानों के होश उड़ गए और खाना बीच में ही छोड़ दिया गया। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि इतने बड़े मॉल के रेस्टोरेंट में साफ-सफाई की ऐसी लापरवाही बेहद खतरनाक और शर्मनाक है।
किचन में रेंग रहे थे जिंदा कॉकरोच
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही खाद्य सुरक्षा विभाग हरकत में आया। सहायक आयुक्त डॉ. सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर छापेमारी की। जब टीम किचन के अंदर पहुंची, तो वहां का नजारा और भी डरावना था। किचन में चारों तरफ भारी गंदगी थी और शेल्फ व बर्तनों के पास कई जिंदा कॉकरोच रेंगते हुए मिले। विभाग ने खाने के सैंपल लिए और स्टॉक में रखे सामान की एक्सपायरी डेट की भी जांच की।
मैनेजर ने मानी गलती, रेस्टोरेंट पर लगा ताला
रेस्टोरेंट के मैनेजर दिलीप कुमार ने मौके पर अपनी गलती स्वीकार की, लेकिन तब तक विभाग का शिकंजा कस चुका था। सहायक आयुक्त ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रेस्टोरेंट संचालक को 'कारण बताओ नोटिस' जारी किया है।
बड़ा एक्शन
अधिकारियों ने स्पष्ट आदेश दिया है कि जब तक रेस्टोरेंट की गंदगी पूरी तरह साफ नहीं हो जाती और विभाग दोबारा जांच कर संतुष्ट नहीं हो जाता, तब तक यह रेस्टोरेंट बंद रहेगा। खाने के नमूनों को जांच के लिए लैब भेज दिया गया है।

