मुंबई पहुंचे UP वालों से Akhilesh का बड़ा दावा: 2027 में पलटेगी बाजी, इस PDA फॉर्मूले से साफ होगा BJP का सूपड़ा
punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 06:52 AM (IST)
Lucknow News: समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से शनिवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय में मुंबई में रह रहे उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के प्रमुख लोगों ने मुलाकात की और 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की तन-मन-धन से मदद करने और उसे विजयी बनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर यादव ने दावा किया कि उप्र में 2027 के विधानसभा चुनावों में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की सरकार बनेगी और भारतीय जनता पार्टी (BJP) का सूपड़ा साफ होगा।
मुंबई के प्रवासियों से अखिलेश की अपील
सपा मुख्यालय से जारी एक बयान के अनुसार, मुंबई में प्रवासी प्रदेशवासियों की इस बैठक का आयोजन समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष काशीनाथ यादव ने किया। इसमें महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी भी मौजूद रहे। अखिलेश यादव ने मुंबई से आए प्रदेशवासियों का स्वागत करते हुए उनके परिश्रम, साहस और लगन की सराहना की। उन्होंने कहा कि आपने मुंबई जैसे महानगर में जाकर भी अपनी पहचान बनाए रखी है। यादव ने अपील की कि चुनाव के दिनों में आप आकर मदद कर दें तो भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। मुंबई वासियों ने अखिलेश को भरोसा दिलाया कि वे चुनाव में पूरी सक्रियता से सपा का समर्थन और सहयोग करेंगे।
अखिलेश का बूथ मजबूत करने और संविधान बचाने का आह्वान
यादव ने कहा कि प्रदेश में पीडीए की सरकार बनेगी, 2024 का लोकसभा चुनाव हमने जीता है, अब 2027 का विधानसभा चुनाव भी जीतेंगे। जनता सामंती भाजपा सरकार को हटाएगी। इसके लिए ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाएं और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि 2027 का चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने का भी है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि निष्पक्ष चुनाव न होने की वजह से भाजपा अब क्षेत्रीय पार्टियों को तोड़कर अपना बहुमत बनाना चाहती है, ताकि वह संविधान के साथ मनमानी कर सके।
राम मंदिर चढ़ावे पर अखिलेश का तीखा हमला
यादव ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण के मामले में भाजपा धोखा दे रही है, जबकि समाजवादी पार्टी हमेशा महिला आरक्षण के पक्ष में रही है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में डकैती भाजपा-आरएसएस धर्म के नाम पर कर रही है, लेकिन आपसी बंटवारे को लेकर चढ़ावे की इस डकैती का पर्दाफाश हो गया है और नागपुर वालों का असली चेहरा सामने आ गया है।

