फूलपुर उपचुनाव: याेगी काे चित करने के लिए इस कांग्रेसी दिग्गज काे मैदान में उतार सकते हैं राहुल गांधी

punjabkesari.in Wednesday, Oct 18, 2017 - 05:01 PM (IST)

इलाहाबादः उत्तर प्रदेश के राजनीति की धुरी मानी जाने वाली इलाहाबाद की फूलपुर सीट पर उपचुनाव होने वाले हैं। कांग्रेस आैर भाजपा के लिए ये सीट प्रतिष्ठा का सवाल बन गई है। इस सीट पर जीत को लेकर दोनों दलों ने कमर कस ली है। खबरों के मुताबिक राहुल गांधी सीएम योगी को चित करने के लिए इस सीट से कांग्रेस के दिग्गज ब्राह्मण नेता प्रमोद तिवारी को उतार सकते हैं। इस प्लान के तहत कांग्रेस, नेहरु परिवार की सीट पर फिर से वापसी करने की योजना बना रही है। 

सियासी चर्चाएं ये भी चल रही हैं कि इस सीट से सपा-बसपा का समर्थन कांग्रेस को प्राप्त है। अगर वाकई में एेसा होता है तो ये सीट जीतना भाजपा के लिए काफी मुश्किल होगा। क्योंकि प्रमोद तिवारी का कद अन्य नेताओं पर भारी पड़ेगा। बता दें कि प्रमोद तिवारी के सपा और बसपा के नेताओं से अच्छे रिश्ते हैं। अगर सामाजिक समीकरण देखे जाएं तो फूलपुर संसदीय क्षेत्र में पटेल के बाद सबसे अधिक आबादी ब्राह्मणों की है। यदि ब्राह्मण प्रत्याशी पर कांग्रेस दांव खेलती है तो उससे अधिक लाभ हो सकता है। प्रमोद तिवारी बड़े नेता माने जाते हैं और पूर्वांचल में उनकी अलग साख है।

बता दें कि वर्तमान में प्रमोद तिवारी राज्यसभा सांसद हैं। जिनका चार साल का कार्यकाल भी पूरा हो चुका है। हालांकि प्रमोद तिवारी को चुनाव लड़ाने को लेकर कांग्रेस ने अभी अधिकारियों रूप से कुछ नहीं कहा है, लेकिन फूलपुर में इस बात की अटकलें लग रही हैं कि प्रमोद तिवारी इस बार चुनाव लड़ सकते हैं। उम्मीद ज़ाहिर की जा रही है जल्द ही कांग्रेस इसका आधिकारिक तौर पर एेलान करेगी।