यूपी चुनाव करेगा PM मोदी के राजनीतिक भाग्य का फैसला: अजित

punjabkesari.in Thursday, Feb 23, 2017 - 09:22 AM (IST)

बस्ती:राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने जुमलों से देश की जनता को गुमराह करते आ रहे हैं और उत्तर प्रदेश का यह चुनाव उनके राजनीतिक भाग्य का फैसला करेगा। अजित सिंह यहां रालोद प्रत्याशियों के पक्ष में आयोजित सभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मोदी ने लोकसभा चुनाव में देश की जनता से वायदा किया था कि विदेशों से कालाधन वापस लाया जाएगा और यह धन नागरिकों के खाते में जाएगा। विदेशों से कालाधन वापस नहीं आया और देश के 2 करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा भी पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद 14 लाख 80 हजार करोड़ रुपया जो आया है उससे देश के किसानों का कर्ज ही माफ कर दिया जाए।

सपा सरकार सभी मोर्चों पर रही विफल
उन्होंने कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति करती है। चुनाव के बाद अपने वादों को भूल जाती है। प्रदेश की जनता भारतीय जनता पार्टी के कथनी और करनी को समझ गई है। वर्ष 1977 में कांग्रेस सरकार का सफाया नसबंदी के कारण हुआ था और अब भाजपा का सफाया नोटबंदी कर देगा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव मोदी के राजनीतिक भविष्य का भी फैसला करेगा। रालोद अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार सभी मोर्चों पर विफल रही है। गन्ना किसानों का मिलों पर बकाया गन्ना मूल्य का करोड़ों रुपए का भुगतान नहीं हो पाया, बंद चीनी मिलों को चलाए जाने की बात पूरी नहीं हुई, चलती हुई चीनी मिलें भी बंद हो रही हैं। सरकार ने पूरी तरह से किसानों के हितों की उपेक्षा की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है।

जनहित नहीं अपने हित में काम करती मायावती
उन्होंने बसपा प्रमुख मायावती की भी आलोचना करते हुए कहा कि वह जनहित नहीं अपने हित में काम करती हैं। उन्होंने प्रदेश और केन्द्र सरकार पर किसानों के विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोगों के हितों का दिखावा करती हैं और दोनों पूंजीपतियों की संरक्षक और पोषक हैं। इसी कारण प्रदेश के किसानों को उनकी लागत का मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने किसानों की दयनीय आर्थिक हालत के लिए इन सरकारों की गलत नीतियों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता इन लोगों के बहकावे में आने वाली नहीं है। उन्होंने लोगों से रालोद उम्मीदवारों को विजयी बनाने की अपील की।