वाराणसी में PM मोदी एवं लालू की आखिरी चुनावी रैली आज

punjabkesari.in Monday, Mar 06, 2017 - 12:08 PM (IST)

वाराणसी:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश राज्य विधान सभा चुनाव के अंतिम चरण में आगामी 8 मार्च को होने जा रहे मतदान के लिए चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में आज लगातार तीसरे दिन अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक रैली को संबोधित करेंगे, जबकि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजद अध्यक्ष लालू यादव सपा-कांग्रेस गठबंधन के पक्ष में 3 सभाओं को संबोधित करेंगे। चुनाव प्रचार शाम 5 बजे थम जाएगा। इससे पहले मोदी रोहनियां के खुशीपुर में रैली को संबोधित करेंगे। उनके अलावा विभिन्न दलों के अनेक राष्ट्रीय स्तर के नेता अपनी-अपनी पार्टी के पक्ष में मतदाताओं को रिझाने पूरी ताकत झोंक दी है।

लालू प्रसाद यादव करेंगे सभाओं को संबोधित
अपने संबोधन से पहले मोदी गंगा किनारे स्थित गढवाघाट आश्रम में संतों से आशीर्वाद लेंगे और रामनगर स्थित पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के पैतृक निवास जाकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि देंगे। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू यादव समाजवादी पार्टी (सपा)-कांग्रेस गठबंधन के पक्ष में वाराणसी में जैतपुरा में बुनकर कॉलोनी के अलावा भेलूपुर इलाके में रेवड़ी तालाब सहित 3 स्थानों पर सभाओं को संबोधित करंगे। यादव के अलावा सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम, कांग्रेस नेता एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता एवं सांसद गुलाम नबी आजाद, पूर्व केंद्रीय मंत्री मुकुल वासनिक, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राज बब्बर सहित अनेक नेता सपा-कांग्रेस गठबंधन के उम्मीवारों के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं।

गढ़वा आश्रम का पूर्वांचल क्षेत्र में खासा महत्व
सूत्रों ने बताया कि पहली बार गढवाघाट आश्रम आ रहे मोदी लगभग एक घंटे यहां रहेंगे। प्रधानमंत्री आश्रम के पीठाधीश्वर सतगुरु सरदानंद से आशीर्वाद लेने के बाद भंडारे का प्रसाद भी ग्रहण करेंगे। यहां मोदी को गुलदस्ता, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रधानमंत्री अपने हाथों गायों को चारा खिला सकते हैं। वाराणसी के गढ़वा आश्रम का पूर्वांचल क्षेत्र में खासा महत्व माना जाता है। माना जाता है कि इससे यादव एवं दलित समाज के लाखों पूर्वांचलवासी आस्था से जुड़े हुए हैं। शायद यही वजह है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, केंद्रीय गृहमंत्री एवं तत्कालीन मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह यहां आ चुके हैं। तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी सरकार के तत्कालीन मंत्री शिवपाल सिंह यादव, सांसद अमर सिंह, जयाप्रदा सहित अनेक जानीमानी हस्तियां आश्रम आकर संतों से आशीर्वाद प्राप्त कर चुकी हैं।

चप्पे-चप्पे पर पुलिस कर्मियों की तैनाती
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मोदी एवं अन्य राष्ट्रीय नेताओं के चुनावी कार्यक्रमों के मद्देजनर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया तथा कार्यक्रम के समय के उनके यात्रा मार्गों पर यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किये गए हैं। उल्लेखनीय है कि मोदी ने रविवार को पुलिस लाइन से महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ मैदान तक लगभग पांच किलोमीटर का रोड शो और देर शाम रैली को संबोधित कर मतदाताओं भाजपा के पक्ष में रिझाने की कोशिश की थी। इससे पहले 4 मार्च को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के लंका स्थित मुख्य द्वार से चुनावी ‘रोड शो’ से यहां चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत थी।