लखनऊ पहुंचकर PM मोदी ने दी कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि, बोले- उन्होंने सार्थक किया अपना नाम

punjabkesari.in Sunday, Aug 22, 2021 - 12:31 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता रहे कल्याण सिंह का शनिवार को एसजीपीजीआई में ईलाज के दौरान निधन हो गया। राम मंदिर निर्माण के नायकों में से एक सिंह के निधन की खबर से राजनीतिक जगत के साथ ही पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। उनके अंतिम दर्शन के लिए तमाम दिग्गज नेता उनके आवास पर पहुंच रहे हैं। वहीं उनके अंतिम दर्शन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ पहुंचे। कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि हम सभी के लिए यह शोक की घड़ी है। उनके माता-पिता ने उनका नाम कल्याण सिंह रखा था। उन्होंने अपने जीवन में ऐसे काम किए जिससे उनका नाम सार्थक हुआ। जीवन भर उन्होंने जनकल्याण के लिए काम किया।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि कल्याण सिंह भारत के कोने-कोने में एक विश्वास का नाम बन गए थे। जीवन के अधिकतम समय वे जनकल्याण के लिए हमेशा प्रयत्नरत रहे। उन्हें जब भी जो दायित्व मिला, हमेशा हरेक के लिए प्रेरणा का केंद्र बनें। देश ने एक मूल्यवान शख्सियत, एक नामचीन नेता खोया है। हम उनके सपनों को पूरा करने में कोई कमी न रखें। मैं प्रभु श्रीराम से कामना करता हूं कि वे कल्याण सिंह को अपने चरणों में जगह दें।

बता दें कि पीएम मोदी विशेष विमान से लखनऊ के एयरपोर्ट पहुंचे जहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें रिसीव किया। यहां से वह सीधे 2 मॉल एवेन्यू स्थित सरकारी आवास पर जाकर कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दिए। इसके बाद पीएम ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। उनके साथ बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद हैं।

 

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Moulshree Tripathi

Recommended News

Related News

static