झारखंड विधानसभाः PM मोदी ने हेमंत सोरेन को दी बधाई, कहा- जनता से जुड़े मुद्दे उठाते रहेंगे

punjabkesari.in Monday, Dec 23, 2019 - 07:50 PM (IST)

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झारखंड विधानसभा चुनावों में जीत के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाले गठबंधन और उसके नेता हेमंत सोरेन को आज बधाई दी और कहा कि भारतीय जनता पार्टी राज्य की सेवा करते रहेगी और जनता से जुड़े मुद्दे उठाते रहेगी।

मोदी ने चुनाव परिणाम आने के बाद ट्विटर पर अंग्रेजी में कहा, ‘‘ झारखंड चुनाव में जीत के लिए झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन और हेमंत सोरेन जी को बधाई। राज्य की सेवा करने के लिए उन्हें शुभकामनाएं।'' उन्होंने कहा कि वह भाजपा को झारखंड की वर्षों तक सेवा का अवसर देने वाले लोगों को धन्यवाद देते हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं की उनके प्रयासों के लिए सराहना भी करते हैं। उन्होंने कहा कि हम आने वाले समय में राज्य की सेवा करते रहेंगे और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाते रहेंगे।


भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने अपने संदेश में कहा कि लोकतंत्र में जनता का आदेश ही सर्वोपरि है। हम झारखण्ड चुनावों में मिले जनादेश को स्वीकार करते है। भाजपा सदैव झारखण्ड के विकास के लिए तत्पर है। उन्होंने भी कहा, ‘‘हम प्रदेश के विकास के हर मुद्दे को उठाते रहेंगे। हमारे कार्यकर्ताओं और प्रदेश की जनता का आभार।'' 

झारखंड विधानसभा के चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा को तगड़ा झटका लगा है और झारखंड मुक्ति मोर्चा एवं कांग्रेस का गठबंधन बहुमत हासिल करता दिख रहा है। मुख्यमंत्री रघुवर दास जमशेदपुर पूर्व से, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ चक्रधरपुर से और विधानसभा के अध्यक्ष दिनेश उरांव सिसई विधानसभा क्षेत्र से अपने अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वियों से बड़े अंतर से पीछे हैं।

Nitika