रात का अंधेरा और एक दरिंदा पड़ोसी: Lucknow में मां-बेटे के दोहरे कत्ल की वो कहानी, जो रोंगटे खड़े कर देगी

punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 07:49 AM (IST)

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सिसेंडी गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जहां एक कलयुगी पड़ोसी ने विधवा महिला के साथ दरिंदगी करने के बाद उसकी और उसके 18 वर्षीय दृष्टिहीन (जन्मांध) बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बुधवार रात को मुख्य आरोपी किशन रावत को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरी घटना?
सिसेंडी गांव की रहने वाली रेशमा बानो विधवा थीं और अपनी छोटी सी पान-मसाले की दुकान चलाकर घर का खर्चा उठाती थीं। उसका बेटा शादाब दोनों आंखों से देख नहीं सकता था। सोमवार की रात, पड़ोसी मजदूर किशन रावत घर की दीवार फांदकर अंदर घुसा। आरोपी ने पहले महिला के साथ दुष्कर्म किया। पकड़े जाने के डर और सबूत मिटाने की नीयत से उसने रेशमा बानो की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी ने पास ही मौजूद जन्मांध बेटे शादाब की भी गला घोंटकर हत्या कर दी और क्रूरता की हद पार करते हुए उसे पानी से भरे टब में डुबो दिया। अगली सुबह जब घर के दरवाजे नहीं खुले, तो पड़ोसियों ने अंदर झांका। महिला का शव अर्धनग्न हालत में जमीन पर पड़ा था, जबकि बेटे का शव टब में मिला।

पुलिस मुठभेड़ और गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने छानबीन शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और पड़ोसियों के बयान के आधार पर शक की सुई पड़ोसी किशन रावत की ओर घूमी। पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में थी। बुधवार देर रात बाजखेड़ा इलाके में पुलिस ने उसे घेर लिया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की एक गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने आरोपी की दरिंदगी की पुष्टि कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, महिला की हत्या से पहले उसके साथ बलात्कार किया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी पहले भी महिला के साथ छेड़छाड़ कर चुका था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वह इस हद तक गिर जाएगा।

पुलिस का बयान
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, यह मामला बेहद जघन्य है। आरोपी ने दुष्कर्म के बाद अपनी पहचान छिपाने के लिए दो मासूम जिंदगियों को खत्म कर दिया। आरोपी के खिलाफ हत्या, दुष्कर्म और पुलिस पर हमला करने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static