दिल्ली के बाद UP में भी ढोंगी बाबा के विश्विद्यालय पर पुलिस का छापा, मौके से 53 महिलाएं बरामद

punjabkesari.in Saturday, Dec 23, 2017 - 10:40 AM (IST)

फर्रुखाबादः दिल्ली में ढोंगी बाबा वीरेंद्र दीक्षित के आध्यात्मिक ईश्वरीय विश्वविद्यालय पर छापेमारी के बाद उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में भी उनके आश्रम पर पुलिस ने छापेमारी की। जिसमें पुलिस को आश्रम में कई तहखाने मिले हैं। जहां से पुलिस ने बालिग़ और नाबालिग कुल 53 महिलाओं को भी बरामद की है।

बाबा फरार, फर्रुखाबाद के आश्रम में छापेमारी
बता दें दिल्ली में आश्रम से छुड़ाई गई लड़कियों के बाद से ही बाबा फरार है। सूचना मिली थी कि बाबा फर्रुखाबाद के आश्रम में छिपा है। जिसके बाद एसपी ने 100 से अधिक पुलिस फोर्स के साथ सिकत्तर बाग और कम्पिल के आश्रम में एक साथ छापेमारी की।

पुलिस की महिलाओं से झड़प
छापेमारी के दौरान आश्रम के अंदर पुलिस की महिलाओं से झड़प भी हुई। आश्रम के अंदर कई तहखाने मिले हैं। इसके अलावा सिकत्तर बाग आश्रम से 8 और कम्पिल आश्रम से 45 महिलाएं बरामद हुईं हैं। जिसमें नाबालिग लड़कियां भी हैं। पुलिस इन सभी महिलाओं को कोर्ट में पेश करने की बात कह रही है।

कल बांदा में पड़ा था छापा 
उल्लेखनीय है कि इससे पहले शुक्रवार को पुलिस ने बांदा स्थित विवादित बाबा वीरेंद्र दीक्षित के आश्रम आध्यात्मिक विश्वविद्यालय में छापेमारी की थी। आश्रम में बाबा और नाबालिग लड़कियों के होने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर आश्रम के एक-एक कमरे की तलाशी ली। आश्रम में मौजूद सेविकाओं से भी पुलिस ने पूछताछ की। हालांकि पुलिस को यहां न तो बाबा मिला है और न ही लड़कियां मिली।