बापू के पुतले पर गोलियां बरसाने वाली पूजा पांडेय ने अब टॉपर्स बच्चों को बांटे चाकू-तलवार

punjabkesari.in Wednesday, May 29, 2019 - 06:16 PM (IST)

अलीगढ़: बीते साल उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में महात्मा गांधी की पुण्य तिथि के मौके पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पुतले को गोली मारने वाली पूजा शकुन पांडेय का एक और विवादित वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें पूजा पांडेय अलग-अलग स्कूलों में टॉप करने वाले बच्चों को गिफ्ट के तौर पर चाकू-तलवार बांट रही हैं। इनमें से ज्यादातर छात्र कक्षा 6 से 10 तक के हैं। 

इतना ही नहीं पूजा ने उस महिला को भी सम्मानित किया जो गांधीजी के पुतले को गोली मारने वाले मामले में उनके साथ जेल गई थी. कार्यक्रम में महिला को एक तलवार भेंट की गई। साथ ही महिला को वीरंगाना से संबोधित किया गया। बता दें कि पूजा शकुन ने मंगलवार को वीर सावरकर की जयंती के मौके पर अपने घर पर ही एक कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें उन बच्चों को बुलाया गया, जिन्होंने अपने-अपने स्कूल की परीक्षाओं में टॉप किया है।

बच्चों को दी भगवा किताब और गीता 
पूजा शकुन पांडेय ने कार्यक्रम के दौरान बच्चों को आत्मरक्षा के लिए चाकू, तलवार दिए गए। उन्हें संदेश दिया गया कि वो अपनी रक्षा खुद करें। बच्चों को राष्ट्रवाद विषय पर एक किताब भी दी गई। भगवा रंग की इस किताब पर खुद पूजा शकुन पांडेय और वीर सावरकर की फोटो भी है। बच्चों को गीता भी दी गई। 

बच्चों से देश की रक्षा का किया आह्रवान
इस दौरान पूजा पांडे ने बच्चों को संबोधित भी किया। उन्हें वीर सावरकर के बारे में बताया गया। साथ ही देश की रक्षा का आह्रवान भी किया गया। देश की रक्षा और देशहित में हमेशा तैयार रहने की बात भी कही गई।

काट चुकी हैं जेल की हवा
गौरतलब है कि पूजा शकुन पांडेय बीते 30 जनवरी को गांधी जी के पुतले को गोली मारी थी। पुतले से नकली खून भी निकाला था। इसे लेकर सोशल मीडिया पर खासी चर्चा हुई थी। सियासी बयानबाजी भी खूब हुई थी। पूजा पांडेय पर केस दर्ज कर उन्हें भी भेज दिया गया था, हालांकि, बाद में उन्हें जमानत मिल गई।

कौन है पूजा पांडे?
पूजा शकुन पांडे उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में अखिल भारतीय हिंदू महासभा की एक नेता हैं। वह हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव, महंत और हिंदू न्यायपीठ की न्यायधीश भी हैं।

 

Ajay kumar