Prayagaraj News: 70 साल के बुजुर्ग का 65 की महिला से इश्क, 66 वर्षीय पति ने कुल्हाड़ी से वार कर सुलाया मौत की नींद
punjabkesari.in Monday, Apr 06, 2026 - 01:03 PM (IST)
Prayagraj News: संगम नगरी के यमुनानगर जोन (नैनी) में एक बुजुर्ग की हत्या का ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों की मर्यादा और उम्र के फासले को झकझोर कर रख दिया है। महज 36 घंटे के भीतर नैनी थाना पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या की वजह 'अवैध संबंध' निकले, वो भी नाती-पोते वाली उम्र के बुजुर्गों के बीच।
क्या है पूरा मामला?
नैनी के धनुआ गांव में रहने वाले 70 वर्षीय हजारीलाल, जो गांव के पास एक बालू के ठेके पर चौकीदारी का काम करते थे, की 2/3 अप्रैल 2026 की रात बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि हजारीलाल के संबंध गांव के ही 66 वर्षीय रामलाल की पत्नी अनारकली (65) से पिछले 8 सालों से थे।
नफरत की आग में जल रहा था पति
पुलिस के मुताबिक, रामलाल अपनी पत्नी और हजारीलाल के बीच बढ़ते संबंधों से बुरी तरह परेशान था। अनारकली पिछले काफी समय से अपने पति रामलाल से न तो बात करती थी और न ही कोई संबंध रखती थी। पत्नी की इस बेरुखी और हजारीलाल की दखलअंदाजी से तंग आकर रामलाल ने 10 दिन पहले ही हत्या का खौफनाक प्लान तैयार कर लिया था।
आधी रात को कुल्हाड़ी से खूनी प्रहार
योजना के मुताबिक, 3 अप्रैल की रात करीब 2:00 बजे रामलाल अपने घर से कुल्हाड़ी लेकर निकला और बालू के ठेके पर सो रहे हजारीलाल पर हमला बोल दिया। सोते समय हजारीलाल के सिर पर कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से मारा, जिससे वह छटपटाकर चारपाई के दूसरी तरफ गिर गए। इसके बाद रामलाल ने हजारीलाल के चेहरे और सिर पर कुल्हाड़ी से 3-4 बार वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद रामलाल ने कुल्हाड़ी को अपने घर में बालू के ढेर में छिपा दिया था, जिसे पुलिस ने अब बरामद कर लिया है।
36 घंटे में कातिल सलाखों के पीछे
मृतक के बेटे सोनू की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। डीसीपी यमुनानगर और नैनी थाना पुलिस की मुस्तैदी ने घटना के मात्र 36 घंटे के भीतर आरोपी रामलाल को उसके गांव धनुआ से ही दबोच लिया।
पुलिस की कार्रवाई
नैनी थाना पुलिस ने अभियुक्त रामलाल के खिलाफ बीएनएस (BNS) की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी को भी साक्ष्य के तौर पर कब्जे में ले लिया है।

