बड़ी खबरः पुष्कर सिंह धामी होंगे उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री, खटीमा से हैं विधायक

punjabkesari.in Saturday, Jul 03, 2021 - 04:01 PM (IST)

देहरादूनः पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री होंगे। दरअसल, भाजपा विधायक दल की बैठक में धामी के नाम पर मुहर लग गई है। इस बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और पार्टी मामलों के प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत व तीरथ सिंह रावत भी मौजूद रहे।

उत्तराखंड में प्रचंड बहुमत से बनी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार का कार्यकाल पूरा होने से लगभग आठ महीने पहले तीसरी बार नए मुख्यमंत्री के रूप में विधायक पुष्कर सिंह धामी को शनिवार को विधायक का चुन लिया गया। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम की उपस्थिति में अपराह्न तीन बजे विधानमंडल दल की बैठक पार्टी के प्रदेश कार्यालय में शुरू हुई। लगभग तीस मिनट तक चली इस बैठक में खटीमा से विधायक धामी को विधायक दल का नेता सदन चुन लिया गया।

तोमर ने बैठक कक्ष के बाहर एकत्रित संवाददाताओं को इसकी जानकारी दी। धामी को नेता सदन चुने जाते ही फूल-मालाओं से लाद दिया गया। उल्लेखनीय है कि पौड़ी संसदीय क्षेत्र से सांसद और निवर्तमान मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने शुक्रवार देर रात्रि मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र दे दिया था। इसका कारण उनको विधायक न होना था। संवैधानिक कारणों से राज्य सरकार का कार्यकाल एक वर्ष से कम होने के कारण विधानसभा का उपचुनाव नहीं कराया जा सकता था। इससे पूर्व, 09 मार्च को तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को हटाकर तीरथ मुख्यमंत्री बनाये गए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static