CM पुष्कर सिंह धामी चंपावत से लड़ेंगे चुनाव, विधायक कैलाश चंद्र गहतोड़ी ने दिया इस्तीफा

punjabkesari.in Thursday, Apr 21, 2022 - 10:26 AM (IST)

देहरादूनः चंपावत सीट से भाजपा विधायक कैलाश चंद्र गहतोड़ी ने आज अपने पद से इस्तीफा दिया, जिससे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विधानसभा पहुंचने के लिए उपचुनाव लड़ने का रास्ता साफ हो गया। वहीं अब पुष्कर सिंह धामी चंपावत विधानसभा क्षेत्र से उपचुनाव लड़ेंगे।

पार्टी सूत्रों ने यहां बताया कि गहतोड़ी फिलहाल दिल्ली में हैं और उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी से मिलकर उन्हें इस्तीफा सौंपा। फरवरी में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा ने उत्तराखंड विधानसभा की 70 में से 47 सीटें जीतकर प्रदेश में लगातार दूसरी बार सत्ता में आने का इतिहास रचा लेकिन जीत की अगुवाई करने वाले धामी को खटीमा सीट से हार का सामना करना पड़ा।

'उत्तराखंड फिर मांगे, मोदी-धामी की सरकार' के नारे पर विधानसभा चुनाव लड़ने वाली भाजपा ने एक बार फिर धामी को ही मुख्यमंत्री बनाया। हालांकि, छह महीने के भीतर सदन का सदस्य निर्वाचित होना धामी के लिए एक संवैधानिक बाध्यता है और इसी कारण उन्हें उपचुनाव लड़ना है।

धामी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद उनके लिए अपनी सीट खाली करने का सबसे पहला प्रस्ताव गहतोड़ी ने ही दिया था। दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए गहतोड़ी ने पहले कहा था, ‘‘अगर मुख्यमंत्री चंपावत सीट से (उपचुनाव) लड़ते हैं तो यह मेरे लिए सम्मान की बात होगी।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static