गिरिराज सिंह का करारा प्रहार, कहा- देश के इतिहास और भूगोल से अनजान हैं राहुल

punjabkesari.in Sunday, Oct 08, 2017 - 04:38 PM (IST)

बलिया: केंद्रीय कुटीर, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री गिरिराज सिंह ने हाल में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर करारा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास और भूगोल से अनजान राहुल की नीतियां अगर सही होती तो आज उसकी इतनी बुरी स्थिति नहीं होती।

उन्होंने एक शोक कार्यक्रम में राहुल द्वारा प्रधानमंत्री और भाजपा पर हाल में किए गए हमलों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि राहुल को किसी सिनेमाई अभिनेता की तरह रटी-रटाई स्क्रिप्ट पढ़ने की आदत है। राहुल को भारत के इतिहास और भूगोल के बारे में भी नहीं मालूम है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर असत्य बोलने संबंधी राहुल के बयान पर सिंह ने कहा कि आजादी के बाद 70 साल में 60 वर्ष तक देश में गांधी खानदान का ही शासन रहा है। अगर कांग्रेस की नीतियां सही थीं तो इस वक्त वह देश के केवल 20 फीसदी हिस्से में ही क्यों सिमट गई है, जबकि भाजपा शून्य से 75 फीसदी तक पहुंच गई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने 3 वर्ष के कार्यकाल का हिसाब दे दिया है। मोदी ने कहा था कि ‘ना खाऊंगा और ना खाने दूंगा। यह पिछले 3 वर्ष में यह चरितार्थ हो गया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष मुद्दा विहीन हो गया है। वह झूठ का सहारा लेकर जनता को भ्रमित करने में लगा है।

राहुल विदेश जाकर गलत और झूठा बयान देते हैं कि मोदी सरकार के दौरान रोजगार के अवसर कम हुए हैं, जबकि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से 9 करोड़ लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नीत सरकारों ने महात्मा गांधी का राजनैतिक उपयोग तो किया, लेकिन गांधी की नीतियों को दफना दिया। जिसके कारण गांवों में चरखा व करघा चलाने वाले कम हो गए है। मोदी सरकार ‘खादी फॉर नेशन’ के नारे को बदलकर ‘खादी फॉर फैशन’ करने जा रही है।