राम मंदिर उद्घाटन समारोह का सभी मंदिरों में होगा सीधा प्रसारण, जानिए दुनिया भर से कितने लोगों को किया गया है आमंत्रित
punjabkesari.in Wednesday, Oct 11, 2023 - 10:10 AM (IST)

अयोध्या: राम मंदिर के उद्घाटन समारोह की तैयारी जोर-जोर से शुरू हो चुकी है। दुनिया भर से सिर्फ साढ़े आठ हजार लोगों को ही इसमें आमंत्रित किया जाएगा। जबकि 10 करोड़ लोगों को उद्घाटन के सीधे प्रसारण से लाभान्वित कराने की विशेष व्यवस्था देश भर के मंदिरों में की गई है। जहां पर श्रद्धालु प्रातः आधे घंटे तक भजन कीर्तन भी करेंगे। यह जानकारी नई दिल्ली में "आज के सामाजिक परिदृश्य में राम और राम मंदिर का महत्व" विषय पर आयोजित व्याख्यान को संबोधित करते हुए, विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष आलोक कुमार ने दी।
हमारा नारा था, “रामलला, हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे"
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र सभागार में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान राम को गर्भ गृह में पुनर्स्थापित करने का सफर 1992 में शुरू हुआ था। इस दौरान बहुत आलोचना भी हुई। लोगों को शंका थी कि मंदिर कब बनेगा या नहीं बनेगा। लेकिन हमारा नारा था, “रामलला, हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे" यह पूरा होने जा रहा है। 2019 में पांच न्यायाधीशों की खंडपीठ ने आखिरकार फैसला दे ही दिया और निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया गया जो कम से कम 110 वर्ष तक सुरक्षित रहेगा।
22 जनवरी को भगवान राम अपनी जन्मभूमि पर प्रकट होने जा रहे
आलोक कुमार ने बताया कि अब 22 जनवरी को भगवान राम अपनी जन्मभूमि पर प्रकट होने जा रहे हैं। तैयारियां जोर-जोर से शुरू हो चुकी हैं। अयोध्या में स्थान की कमी को देखते हुए सिर्फ साढ़े आठ हजार लोगों को ही स्थान मिल पाएगा। वहीं 10 करोड़ लोगों को यह कार्यक्रम देखने के लिए पीले अक्षत देकर संकल्पित कराया जाएगा। करोड़ों लोग 22 जनवरी को प्रातः 10 बजे सभी मंदिरों, धर्मस्थलों एवं आश्रमों में एकत्र होंगे। जहां टेलीविजन लगाए जाएंगे और अयोध्या मंदिर उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण देखा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान राम को विराजमान करने का यह महानतम पर्व होगा।