थाने पहुंची रेप पीड़िता से दारोगा ने कहा, मेरे साथ बनाओ शारीरिक संबंध

punjabkesari.in Friday, Jun 23, 2017 - 12:30 PM (IST)

रामपुर: रामपुर में वर्दी की साख को दागदार करती एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक रेप पीड़िता जब आरोपियों की शिकायत लेकर थाने में दारोगा के पास पहुंची, तो उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने की मांग कर डाली। पीड़िता के इंकार पर गुस्साए दारोगा ने रेप केस में क्लोजर रिपोर्ट फाइल कर दी। इसके बाद पीड़िता दारोगा की वॉइस रिकॉर्ड लेकर पुलिस अधीक्षक के पास पहुंची। उनके आदेश के बाद इस मामले की जांच की जा रही है। 

जानकारी के मुताबिक इसी साल 12 फरवरी को 2 लोगों ने मिलकर 37 वर्षीय पीड़िता के साथ गैंगरेप किया था। इसके बाद थाने पहुंची पीड़िता की शिकायत तक दर्ज नहीं की गई। थककर पीड़िता ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी फिर भी नहीं हुई, दोनों खुलेआम घूम रहे हैं। अपनी जान का खतरा देखते हुए पीड़िता आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग के लिए थाने पहुंची थी। 

बताते चलें कि इस साल 12 फरवरी को पीड़िता अपने किसी रिश्तेदार के यहां से घर लौट रही थी। रास्ते में पीड़िता को दोनों आरोपी मिले। उनमें से एक उसका परिचित था, उन दोनों ने पीड़िता को लिफ्ट देने के बहाने गाड़ी में बैठा लिया। कुछ दूर आगे जाने के बाद आरोपी अमीर अहमद और सत्तार अहमद ने तमंचे से डरा-धमका कर पीड़िता के साथ गैंगरेप किया। 

इस वारदात के बाद पीड़िता थाने गई, लेकिन पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज नहीं किया। पुलिस से न्याय मिलता न देख पीड़िता कोर्ट की शरण में गई वहां महिला जज के सामने उसका बयान दर्ज किया गया। इसके बाद कोर्ट ने पुलिस को केस दर्ज करने का आदेश दिया था। पुलिस ने केस तो दर्ज कर लिया, लेकिन आरोपी खुलेआम घूमते रहे। एस.पी. सुधा सिंह ने सबूतों के आधार पर गंज थाने के आरोपी दारोगा जय प्रकाश सिंह के खिलाफ  विभागीय जांच का आदेश दिया।