यूपी पुलिस ने गृह मंत्रालय को भेजी सहारनपुर हिंसा की रिपोर्ट

punjabkesari.in Wednesday, May 24, 2017 - 03:01 PM (IST)

लखनऊ\सहारनपुर: मायावती के दौरे के बाद सहारनपुर में फिर हिंसा भड़क गई थी। दौरे के बाद शब्बीरपुर से लौट रहे बीएसपी कार्यकर्त्ताओं की गाड़ी पर एक खास जाति के लोगों ने हमला कर दिया था। हमले में 6 लोग घायल हुए। एक अलग घटना में माया के कार्यक्रम से लौट रहे एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

आलाधिकारियों ने संभाला मोर्चा
सहारनपुर में जातीय हिंसा के बाद पुलिस और प्रशासन गंभीर दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद गृह सचिव मणिप्रसाद मिश्रा, एडीजी (कानून-व्यवस्था) आदित्य मिश्रा, आईजी (एसटीएफ) अमिताभ यश, डीआईजी विजय भूषण सहित आलाधिकारी सहारनपुर में डेरा जमाए हुए हैं।

गृह मंत्रालय को भेजी गई सहारनपुर हिंसा की रिपोर्ट
यूपी पुलिस ने सहारनपुर हिंसा की रिपोर्ट गृह मंत्रालय को भेजी है। एसएसपी सुभाष चंद्र दुबे ने बताया कि इस मामले में अब तक 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। करीब 10 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एक शख्स की मौत के संबंध में तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस वारदात में 10 से 12 लोग घायल हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिंसा पर दुख जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। जिसके चलते उन्होंने  ने राज्य के कई आला अफसरों को इस मामले में मौके पर जाने के आदेश दिए थे। इसके बाद गृह सचिव मणिप्रसाद मिश्रा, एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) आदित्य मिश्रा, आईजी (एसटीएफ) अमिताभ यश, डीआईजी विजय भूषण विमान के जरिए सहारनपुर भेजे गए है। यहां तक की गाजियाबाद, मेरठ, अलीगढ़, आगरा से पीएमी के 5 कमांडेंट्स को भी शहर भेजा गया है।

सरकार की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने हिंसा के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। उन्होंने लोगों से संयम बनाए रखने के लिए कहा गया और विपक्षी दलों से शांति बहाली में सहयोग की अपील की है। वह योगी सरकार के मंत्री श्रीकांत शर्मा ने ट्विटर पर ताजा हिंसा के लिए मायावती के दौर को जिम्मेदार ठहराया है।