‘रिवाल्वर रानी’ ने प्रेमी संग रचाई शादी,

punjabkesari.in Monday, Jul 10, 2017 - 01:53 PM (IST)

हमीरपुर(रविद्र सिंह): मण्डप से दूल्हे को उठाकर ले जाने वाली ‘रिवाल्वर रानी’ एक बार फिर चर्चा में है। ‘रिवाल्वर रानी’ वर्षा अपने प्रेमी अशोक के संग शादी के बंधन में बंध गई। रविवार को दोनों ने चौरादेवी मंदिर में सात फेरे लिए और जीवन साथी बन गए। इसी के साथ पिछले 56 दिनों से चले आ रहे इस प्रेम प्रसंग का पटाक्षेप हो गया। इस मौके पर वर्षा की मां और अशोक के दोस्त मौजूद रहे। शिवसेना नेता रतन ब्रह्मचारी के नेतृत्व में शादी की सभी रश्में अदा की गईं।

गौरतलब है कि 15 मई को बांदा निवासी प्रेमिका वर्षा मौदहा कोतवाली के भवानी गांव में शादी के मंडप से अपने प्रेमी अशोक को पिस्टल के दम पर अगवा कर लिया था। दूल्हे के पिता रामहेत ने वर्षा और बांदा निवासी अशोक के सात्र्ही राहुल पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था लेकिन अदालत में अशोक ने अपहरण की घटना से साफ इनकार कर दिया था।

इसके बाद बिरादरी में 12 दिन तक पंचायत हुई। जिसके बाद भारती (जिसके साथ अशोक का विवाह तय हुआ था) के पिता रामजीवन ने अशोक, उसके पिता रामहेत, चाचा व भाई पर मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस ने अशोक को 28 मई को जेल भेज दिया था। 3 जुलाई को अशोक की जमानत हो गई। दूसरे ही दिन अशोक ने वर्षा से शादी करने की घोषणा दी।