प्रयागराज में मिली लापता हिंदू युवती, आरोपी आजम सलाखों के पीछे; Love Jihad के शोर के बीच पुलिस को 50 हजार का इनाम

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 02:39 PM (IST)

Saharanpur News: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पिछले एक हफ्ते से तनाव का केंद्र बनी गंगोह की लापता युवती को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम ने युवती को प्रयागराज से ढूंढ निकाला। इस मामले में मुख्य आरोपी आजम को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। युवती की बरामदगी के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली है, क्योंकि इस घटना को लेकर क्षेत्र में भारी सांप्रदायिक तनाव बना हुआ था।

क्या था पूरा मामला?
सहारनपुर के गंगोह थाना क्षेत्र से 24 फरवरी को एक हिंदू युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। युवती के पिता ने गांव के ही युवक आजम पर अपहरण का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता और युवती के नाबालिग होने के दावों को देखते हुए तुरंत पोक्सो एक्ट (POCSO Act) समेत कई संगीन धाराओं में केस दर्ज किया और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

महापंचायत और संगठनों का आक्रोश
युवती के बरामद न होने पर हिंदू संगठनों ने इसे लव जिहाद करार देते हुए मोर्चा खोल दिया था। पिछले सात दिनों से सहारनपुर और आसपास के इलाकों में जमकर विरोध प्रदर्शन हुए। भाजपा नेता संगीत सोम और विधायक नंद किशोर गुर्जर ने प्रशासन को कड़ा अल्टीमेटम दिया था, जिसके बाद गांव में भारी पुलिस बल और PAC तैनात करनी पड़ी थी।

प्रयागराज में मिली लोकेशन, पुलिस को मिला इनाम
एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि पुलिस की कई टीमें युवती की तलाश में जुटी थीं। सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन प्रयागराज में मिली, जहां से उसे बरामद किया गया। युवती को फिलहाल नारी निकेतन भेजा गया है। जल्द ही कोर्ट में उसके बयान (164 के तहत) दर्ज कराए जाएंगे। इस बड़ी कामयाबी पर पुलिस टीम को 50,000 रुपए का नकद इनाम देने की घोषणा की गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static