ना जैक - ना शोर, बस चंद ईंटें और खेल खत्म! सहारनपुर में नई गाड़ी के साथ जो हुआ, उसे देख पुलिस भी रह गई दंग

punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2026 - 01:06 PM (IST)

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में इन दिनों चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने पुलिस की गश्त को चुनौती देना शुरू कर दिया है। अब चोर पूरी गाड़ी चुराने के बजाय उसके कीमती हिस्सों पर हाथ साफ कर रहे हैं। ताजा मामला सदर बाजार क्षेत्र के गोविंद नगर का है, जहां चोरों ने शातिराना अंदाज में एक नई कार का टायर चोरी कर लिया और गाड़ी को ईंटों के सहारे खड़ा कर छोड़ गए।

रात के अंधेरे में इंजीनियरिंग वाला खेल
मिली जानकारी के मुताबिक, गोविंद नगर स्थित नए पार्क के पास रहने वाले एक कार मालिक ने बुधवार रात अपनी चमचमाती नई गाड़ी घर के बाहर सड़क किनारे पार्क की थी। आधी रात के बाद पहुंचे शातिर चोरों ने बड़ी सफाई से जैक लगाकर गाड़ी को उठाया, उसका टायर खोला और फिर संतुलन बनाए रखने के लिए गाड़ी के नीचे ईंटें लगा दीं। सुबह जब परिवार बाहर निकला, तो कार का एक टायर गायब देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

अब सड़क पर गाड़ियां भी सुरक्षित नहीं
इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में भारी रोष और डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि अब घर के बाहर या सड़क पर गाड़ी खड़ी करना भी जोखिम भरा हो गया है। चोर ना केवल टायर बल्कि गाड़ियों के अन्य महंगे पार्ट्स भी निशाना बना रहे हैं। यह घटना सहारनपुर में बढ़ते वाहन चोरी के अपराधों का एक नया और डरावना चेहरा है।

पुलिस की कार्रवाई- CCTV के भरोसे टायर चोर
मामले की जानकारी मिलते ही थाना सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अब पार्क और आसपास के घरों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों के आने-जाने वाले रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में रात की गश्त बढ़ाई जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static