मुसलमानों पर दिए अपने विवादित बयान पर कायम हैं साक्षी महाराज

punjabkesari.in Wednesday, Jan 11, 2017 - 02:43 PM (IST)

नई दिल्ली : उन्नाव से भारतीय जनता पार्टी के सांसद साक्षी महाराज ने अपने हाल के विवादित बयान पर कहा है कि उन्होंने किसी खास समुदाय का नाम नहीं लिया। साक्षी महाराज ने पिछले सप्ताह उत्तर प्रदेश के मेरठ मेें संतों के एक समारोह के दौरान बयान दिया था कि देश की जनसंख्या बढाने में 4 बीबी, 40 बच्चों का योगदान अधिक है। उनके इस बयान को चुनाव आयोग ने आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए नोटिस जारी किया था जिसका उन्हें आज 11 बजे तक जवाब देने के लिए कहा गया था। चुनाव आयोग से मिले नोटिस पर अपना पक्ष रखने आए साक्षी महाराज ने कहा कि इस बयान में मैंने किसी खास समुदाय का नाम नहीं लिया। साक्षी महाराज ने कहा कि मैं संतों द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहा था और यह कोई राजनीतिक रैली नहीं थी। मैंने 4 बच्चे के लिए जब कहा था तब भी बवाल मचा था और अब 40 बच्चे नहीं करने के लिए कह रहा हूं तब भी बवाल मचा है।

जनसंख्या पर लगना चाहिए नियंत्रण
उन्होंने कहा कि जनसंख्या पर नियंत्रण लगना चाहिए। महिलाएं कोई बच्चा पैदा करने की मशीन नहीं है। निर्वाचन आयोग को जवाब देने के बाद मीडिया से बातचीत में साक्षी महाराज ने कहा कि उनकी टिप्पणी किसी धर्म के विरूद्ध नहीं थी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने भी 16 हजार शादियां की थी। साक्षी महाराज ने कहा कि वह अपने बयान पर कायम हैं। संवाददाताओं के यह पूछने पर कि क्या वह अपने बयान पर खेद व्यक्त करेंग। भाजपा सांसद ने कहा कि किस बात का खेद जब कोई गलत बयान ही नहीं दिया है।