अखिलेश सरकार पर केशव ने बोला हमला, कहा-सपा राज में हुई उ.प्र. की बर्बादी

punjabkesari.in Wednesday, Dec 14, 2016 - 06:38 PM (IST)

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सांसद केशव प्रसाद मौर्य ने सपा-बसपा और कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए आज कहा कि तीनों दलों को जमीनी हकीकत पता लग गई है और इसी वजह से वे बेचैन हैं। मौर्य ने कहा, ‘‘तीनों दलों में बौखलाहट है। तीनों दलों के जिम्मेदार लोग कमीशन पर नोट बदलने में लगे हुए हैं। नोट बदलने के धंधे में लगे लोग जनता को दिग्भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।’’  उन्होंने कहा, ‘‘नोटबंदी और भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लड़ाई से कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी, बसपा सुप्रीमो मायावती तथा सपा सरकार के मुखिया अखिलेश यादव में बैचनी है।’’  

अपने दामन में झांक कर देखें राहुल 
मौर्य ने राहुल पर हमला जारी रखते हुए कहा कि अपने जीजा (राबर्ट वाड्रा) द्वारा किसानों की जमीन औने-पौने दाम में हड़पने का हिसाब देने के बजाय राहुल ग्रेटर नोएडा की मण्डी पहुंचकर गरीबों व किसानों का हितैषी बनने का स्वांग रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में लगातार किसान बदहाल हुआ तथा देश के लोगों की गरीबी बढ़ी। मौर्य ने कांग्रेस उपाध्यक्ष को नसीहत देते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस अपने दामन में झांक कर देख लंे कि उनके शासनकाल में कितने किसानों ने आत्महत्याएं की थीं?’’

सपा राज में हुई उ.प्र. की बर्बादी
मौर्य ने प्रदेश की सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा राज में उत्तर प्रदेश की बर्बादी हुई है तथा जो लोग बदहाली के जिम्मेदार हैं, वे अपनी छवि बनाने के लिए चाहे जितनी घोषणाएं करें या उद्घाटन के पत्थर लगाएं पर जनता ने राज्य में बदलाव का मन बना लिया है और ये बात भाजपा की परिवर्तन यात्राआें का जनता द्वारा उत्साह व गर्मजोशी के साथ स्वागत से साफ हो चुकी है। 

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें