दिन में कैंची...रात में डेविल! Meerut का नाई निकला पाकिस्तान का प्यादा, रेलवे स्टेशन को दहलाने की थी खौफनाक साजिश
punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 06:52 PM (IST)
Lucknow News: उत्तर प्रदेश एटीएस ने एक बेहद खतरनाक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए मेरठ के साकिब उर्फ डेविल समेत उसके 4 साथियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह सीमा पार बैठे पाकिस्तानी हैंडलर्स के इशारे पर भारत के प्रतिष्ठित संस्थानों, रेलवे सिग्नल बॉक्स और गैस सिलेंडरों से भरे ट्रकों को निशाना बनाने की फिराक में था।
मेरठ का नाई बना डेविल, टेलीग्राम से चलता था काला खेल
हैरानी की बात यह है कि इस मॉड्यूल का सरगना मेरठ में नाई का काम करने वाला साकिब उर्फ डेविल है। साकिब सोशल मीडिया ऐप जैसे टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और सिग्नल के जरिए पाकिस्तान और अफगानिस्तान के संदिग्ध नंबरों से जुड़ा था। वह गजवा-ए-हिंद और कट्टरपंथी विचारधारा से इतना प्रभावित था कि देश की अखंडता को नुकसान पहुंचाने के लिए उसने अपना पूरा गिरोह तैयार कर लिया था।
QR कोड से फंडिंग और आगजनी के वीडियो
जांच में खुलासा हुआ है कि ये आरोपी छोटे-छोटे स्थानों पर आगजनी करते थे और उसका वीडियो बनाकर पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेजते थे। इसके बदले में उन्हें QR कोड के जरिए मोटी रकम (फंडिंग) मिलती थी। गिरोह का लक्ष्य बड़े राजनीतिक व्यक्तियों की रेकी करना, उनके काफिले और कारों को नुकसान पहुंचाना और गैस सिलेंडर वाले ट्रकों में आग लगाकर बड़े धमाके करना था। इन्होंने गाजियाबाद, अलीगढ़ और लखनऊ के महत्वपूर्ण स्थलों और रेलवे संपत्तियों की रेकी कर उनके वीडियो पाकिस्तान भेजे थे।
लखनऊ रेलवे स्टेशन को दहलाने की थी तैयारी
एटीएस के मुताबिक, साकिब और उसके साथी लखनऊ रेलवे स्टेशन के पास सिग्नल बॉक्स और अन्य संपत्तियों को ज्वलनशील पदार्थों के जरिए नष्ट करने की योजना बना रहे थे। इससे पहले कि वे किसी बड़ी अनहोनी को अंजाम देते, एटीएस ने घेराबंदी कर साकिब, विकास गहलोत, रौनक, लोकेश और अरबाब को धर दबोचा।
बरामदगी और आतंकी कनेक्शन
गिरफ्तार आरोपियों के पास से एटीएस को खतरनाक सामान मिला है:-
- एक केन ज्वलनशील पदार्थ (विस्फोटक बनाने/आग लगाने के लिए)
- 7 स्मार्टफोन (पाकिस्तानी हैंडलर्स से चैटिंग के लिए)
- 24 कट्टरपंथी पंपलेट
ओसामा और कश्मीर मुजाहिदीन से प्रेरणा
पूछताछ में पता चला है कि पाकिस्तानी हैंडलर इन्हें ओसामा बिन लादेन, फतुल्लाह गोरी और कश्मीर मुजाहिदीन जैसे कट्टरपंथी नामों का हवाला देकर भड़का रहा था। गिरोह का मुख्य उद्देश्य भारत में डर का माहौल पैदा करना और आर्थिक चोट पहुंचाना था।
गिरफ्तार आरोपियों की प्रोफाइल:-
- साकिब उर्फ डेविल (मेरठ): गिरोह का सरगना और मुख्य कड़ी।
- अरबाब: साकिब का करीबी और रेकी में मददगार।
- विकास गहलोत, रौनक और लोकेश: पैसे के लालच में जुड़े गिरोह के अन्य सदस्य।

