''कान में जिन्न बोल रहा था ह/त्या कर दो...'' बुजुर्ग व्यापारी के मर्डर का सनसनीखेज खुलासा, CCTV से बेनकाब हुआ पूरा सच

punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 09:37 AM (IST)

Bareilly News: सुबह की सैर पर निकले बुजुर्ग किराना व्यापारी सियाराम श्रीवास्तव (65) की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया है। हत्या की वजह कोई पुरानी रंजिश या लेनदेन नहीं, बल्कि एक 19 साल के युवक की अजीबोगरीब सनक निकली। पुलिस ने इस मामले में आरोपी मोहम्मद अरमान और सबूत छिपाने के जुर्म में उसके पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, एसपी उत्तरी मुकेश चंद मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना भोजीपुरा थाना क्षेत्र की है। आरोपी अरमान मानसिक रूप से बीमार है और सूखे नशे का आदी है। वह पिछले कुछ महीनों से अपनी दवाइयां नहीं ले रहा था। आरोपी ने पुलिस और मीडिया के सामने दावा किया कि उसे कानों में जिन्न की आवाजें सुनाई देती थीं, जो उसे किसी की हत्या करने के लिए उकसाती थीं।

ये भी पढ़ें:- पहले ही दिन नीयत खराब, काम करने आई महिला ने उड़ाया मोबाइल फोन, CCTV में कैद हुई करतूत

शुक्रवार सुबह जब सियाराम अपनी पत्नी के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी अरमान ने पहले उन्हें अपनी पिता की कार से टक्कर मारी। इसके बाद कांच के टुकड़े से उनका गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद जब आरोपी ने अपने पिता को इस बारे में बताया, तो पिता ने बेटे को बचाने और सबूत छिपाने की कोशिश की।

बताया जा रहा है कि शुरुआत में मृतक के परिजनों ने पड़ोसियों पर शक जताया था, लेकिन पुलिस की जांच में उनकी कोई भूमिका नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। फुटेज में दिखी कार के नंबर के आधार पर पुलिस सीधे अरमान तक पहुंच गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी पहले भी कई लोगों का इस तरह पीछा कर चुका था। फिलहाल उसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है और पुलिस ने कार बरामद कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

static