जनता ने जाति, धर्म से परे भाजपा को दिया जनादेश, मोदी सबसे कद्दावर नेता बने: अमित शाह

punjabkesari.in Saturday, Mar 11, 2017 - 05:23 PM (IST)

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में भाजपा की शानदार जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरीबोन्मुख नीतियों को देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज कहा कि जनता ने जाति, धर्म के बंधन से उपर उठकर विकास और विकासवादी सरकार के लिए वोट दिया है और मोदी देश के सबसे कद्दावर नेता के रूप में सामने आए हैं। 

देश की राजनीति को नयी दिशा तय करेगा एेतिहासिक जनादेश 
शाह ने भाजपा मुख्यालय पर संवाददाताआें से कहा कि यह एेतिहासिक जनादेश है जो देश की राजनीति को नयी दिशा देगा। जनता ने विकास के पक्ष में अप्रत्याशित जनादेश दिया है और आजादी के बाद यह उत्तरप्रदेश में खासतौर पर सबसे बड़ी जीत है। आजादी के बाद पहली बार गरीब, शोषित, पीड़ितों के मसीहा के रूप में उभरे हैं और लोगों, गरीबों ने मोदीजी में आस्था व्यक्त की है। 

हिन्दू-मुस्लिम की बातों से बाहर निकल चुकी है जनता 
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब हिन्दू-मुस्लिम की बातों से बाहर निकल चुकी है। मतदाता सिर्फ मतदाता होता है। सबको विकास चाहिए। सबको प्रगतिशील सरकार चाहिए। और लोगों ने जाति, धर्म से उपर उठकर वोट किया है। शाह ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरीबोन्मुख नीतियों पर जनता की मुहर है जिसके कारण उत्तर प्रदेश में भाजपा दो तिहाई बहुमत से जीत दर्ज कर रही है। उन्होंने भाजपा में विश्वास व्यक्त करने के लिए लोगों के प्रति आभार प्रकट किया। कल भाजपा मुख्यालय पर पार्टी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करेंगे। इसके बाद भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक होगी।

सबसे योग्य उम्मीदवार होगा यूपी का सीएम 
शाह ने बताया कि संसदीय बोर्ड की बैठक में मुख्यमंत्री के नाम पर विचार किया जायेगा और जो सबसे योग्य उम्मीदवार होगा, उसे ही मुख्यमंत्री बनाया जायेगा। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में जनता ने मोदीजी, भाजपा में जिस प्रकार का विश्वास व्यक्त किया था, उस पर प्रधानमंत्री शत प्रतिशत खरे उतरे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड के अलावा गोवा, मणिपुर में भी सरकार बनाने जा रही है। पंजाब में अकालीदल..भाजपा गठबंधन का वोट प्रतिशत 30 प्रतिशत रहा है, जो उत्साहवद्र्धक है।  

मायावती के आरोप पर टिप्पणी करने से किया इंकार
बसपा सुप्रीमो मायावती द्वारा ईवीएम मशीन से छेड़छाड़ किये जाने के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि वह मायावती की मन: स्थिति को समझ सकते हैं। लेकिन मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश चुनाव परिणाम देश की राजनीति के बदलेगा और यह जाति, धर्म और भाई भतीजावाद की राजनीति का अंत करेगा। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पूरे चुनाव में विपक्ष की आेर से मोदीजी और भाजपा पर व्यक्तिगत प्रहार किया, आक्षेप लगाये लेकिन जनता ने उसका करारा जवाब दिया। यह विजय आने वाले दिन में देश की राजनीति में जातिवाद, परिवारवाद, तुष्टीकरण का अंत करेगा और एेसी राजनीति का मार्ग प्रशस्त करेगा जो विकास पर आधारित हो । इस चुनाव परिणाम से देश में नयी राजनीति का सूत्रपात हुआ है। 

जीत राज्य की जनता की जीत
उन्होंने कहा कि यह जीत राज्य की जनता की जीत है। मोदीजी के नेतृत्व की जीत है और कार्यकर्ताआें के परिश्रम की जीत है। तीन साल में मोदी सरकार ने जिस तरह गरीब कल्याण योजनाआें को जमीन पर उतारने का काम किया, 93 योजनाआें को आगे बढ़ाया, उस पर सकारात्मक मुहर जनता ने लगायी है। शाह ने कहा कि नोटबंदी, शौचालयों का निर्माण, गांव में बिजली पहुंचाना, उज्जवला योजना के जरिये गरीबों के घर में रसोई गैस मुहैया कराया... ये छोटे छोटे दिखने वाले कदम थे लेकिन जनता ने इसे महसूस किया और मोदी जी के प्रति आस्था जताने का काम किया। 

मोदी सबसे कद्दावर नेता
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से मोदी सबसे कद्दावर नेता के रूप में उभर कर सामने आए हैं। इसमें किसी को कोई संशय नहीं होना चाहिए। उत्तर प्रदेश में हर चरण में भाजपा ने जीत दर्ज की। इस जीत ने पार्टी और कार्यकर्ताआें की जिम्मेदारी को और बढ़ा दिया है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि घोषणापत्र को पूरा करना हमारी प्राथमिकता है।