विपक्ष पर फिर बरसे अमित शाह, कहा-चाचा, भतीजे और बुआ के चक्रव्यू में फंसा उ.प्र.

punjabkesari.in Saturday, Dec 17, 2016 - 03:37 PM (IST)

शाहजहांपुर: भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए एक बार फिर विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। अमित शाह ने कहा कि देश की प्रगति के उदाहरण का सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश आज कई चक्रव्यूह में फंसा है। कभी चाचा-भतीजे तो कभी बुआ-भतीजे की सरकार इसको लगातार पीछे ले जाती है। नोटबंदी को गलत बताने पर शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बसपा सुप्रीमो मायावती को भी आड़े हाथों लिया। वहीं राहुल गांधी के पूर्व में दिए गए एक बयान को लेकर तीखा कटाक्ष किया। 

सपा सरकार पर साधा निशाना 
अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सिर्फ एक बार भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का मौका देकर देखिए, भूगोल बदला नजर आएगा। अमित शाह ने प्रदेश की सपा सरकार और पहले की सरकारों को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कभी बहन जी तो कभी नेताजी और अब अखिलेश जी ने सरकार बना ली है। इसके बाद भी पंद्रह वर्ष से उत्तर प्रदेश में विकास ठहरा हुआ है। सबसे तेज दिमाग वाला नौजवानों का यह प्रदेश बेहाल है। इसके लिए यहां की पूर्व की सरकारें जिम्मेदार हैं।

चाचा, भतीजे और बुआ के चक्रव्यू में फंसा उ.प्र.
अमित शाह ने कहा कि प्रदेश में किसी चीज की कमी नहीं है। कुदरत ने खूब नेमत लुटाई है। पानी भरपूर, जमीन भी खूब है। इसके बाद भी विकास का पहिया ठहरा हुआ है। कभी चाचा भतीजे तो कभी बुआ भतीजे के चक्रव्यू में उप्र फंस जाता है। विकास की चिंता यहां किसे है। अमित शाह ने कहा कि परेशान करने वाली बात है कि मेधावी उत्तर प्रदेश से ज्यादा अन्य राज्य कहीं आगे निकल गए। देश को राह दिखाने वाला प्रदेश पिछड़ गया। भाजपा उसे सही रास्ते पर ले जाने के लिए दृढ़संकल्प है। इसी कोशिश में पूरे प्रदेश में मुहिम छेड़ी है। उन्होंने कहा कि बदलाव के लिए जरूरी है कि प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बने।

मायावती-ममता बनर्जी के उतरे चेहरे
अमित शाह ने नोटबंदी पर उठ रहे सवालों को लेकर भी विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के लिए विपक्ष लाइनों को मुद्दा बना रहा है। असलियत यह है कि इस फैसले से मायावती व ममता बनर्जी जैसे नेताओं के चेहरे उतर गए हैं। विपक्ष भाजपा की सरकार बनने के बाद लगातार ताने दे रहा था कि कालाधन के लिए क्या किया। हमने देश का काला धन निकालने, आतंकवाद पर चोट के लिए नोटबंदी कर दी तो सभी एकजुट होकर कहते घूम रहे हैं कि यह क्या कर दिया।

राहुल गांधी पर किया कटाक्ष
अमित शाह ने कहा कि कहा राहुल बाबा को तो यह भी नहीं पता कि आलू फैक्ट्री में पैदा होता या खेत में। कांग्रेस की सरकार तो सिर्फ घोटाले करने में मस्त रही। 

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें