शर्मनाक: भदोही में 13 साल के बच्चे से कु/कर्म, आरोपी को पुलिस ने दबोचा

punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 07:20 PM (IST)

भदोही: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में 13 साल के बच्चे का अपहरण करके उससे जबरन कुकर्म करने के आरोपी एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि ऊंज थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले एक व्यक्ति का 13 साल का भतीजा मंगलवार की शाम गांव में साइकिल चला रहा था और उसके बाद वह लापता हो गया। 

ऊंज थाना के प्रभारी निरीक्षक श्याम बहादुर यादव ने बताया घटना के अगले दिन बच्चा दोपहर बाद लौटा और अपने साथ हुए जघन्य अपराध की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आशीष सिंह उर्फ मोनू (30) बच्चे को बहला फुसलाकर अपने साथ गोपीगंज क्षेत्र के मदनपुर गांव में स्थित नेबुलाल बिंद नाम के एक व्यक्ति के घर ले गया। यादव ने बताया कि आरोपी ने रातभर उसके साथ कुकर्म किया और बाद में जान से मारने की धमकी देकर उसे छोड़ दिया।

यादव ने बताया कि बच्चे के चाचा की तहरीर पर बुधवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 352, 351(3) और बच्चों की यौन अपराध से सुरक्षा (पॉक्सो) अधिनियम की धारा तीन और चार के तहत प्राथमिकी दर्ज कर बच्चे की चिकित्सकीय जांच कराई गई जिसमें उससे कुकर्म की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया आरोपी आशीष सिंह उर्फ मोनू को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static