'पहले दांतों से होंठ काटा, फिर बुरी तरह पीटा...', आधी रात ट्यूबवेल पर बुजुर्ग महिला से शर्मनाक हरकत

punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 06:32 AM (IST)

Hardoi News: उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के सांडी थाना क्षेत्र से एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। जहां खेत में बने ट्यूबवेल पर अकेली रह रही एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए उसके साथ बदसलूकी, मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने का आरोप गांव के ही एक 50 वर्षीय व्यक्ति पर लगा है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित बुजुर्ग महिला अपने परिवार से दूर खेत की रखवाली के लिए गांव के बाहर बने ट्यूबवेल पर रहती हैं। घटना वाली रात करीब 11 बजे गांव का ही रहने वाला भगवान सिंह कुशवाहा नशे में धुत होकर वहां पहुंचा। उसने पहले तो महिला से उनके परिवार वालों के बारे में पूछताछ की और जब उसे यकीन हो गया कि महिला बिल्कुल अकेली है, तो उसने हैवानियत शुरू कर दी।आरोप है कि आरोपी ने महिला के साथ अश्लील हरकतें कीं। जब बुजुर्ग महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसके होंठ पर दांतों से काट लिया और उसे बेदर्दी से पीटा। इतने से भी जब उसका मन नहीं भरा, तो उसने महिला के पास रखे पेंशन के 10 से 12 हजार रुपए छीने और मौके से फरार हो गया।

ये भी पढ़ें:- 1 महीने में 4 बार सांप ने डसा, मासूम की मौ/त के बाद दहशत में परिवार... जांच में जुटा प्रशासन

घटना के बाद लहूलुहान और सदमे में डूबी बुजुर्ग महिला किसी तरह मदद के लिए बाहर निकलीं, लेकिन अत्यधिक दर्द के कारण रास्ते में ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। गांव के ही एक व्यक्ति ने जब उन्हें इस हालत में देखा, तो तुरंत उनके परिवार को सूचना दी। परिजनों ने बिना देर किए 112 नंबर पर पुलिस को बुलाया और महिला को आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी भगवान सिंह कुशवाहा को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। वहीं इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक सुबोध गौतम ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी हिरासत में है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में छेड़छाड़ और रुपए लूटने के दावों की पूरी तरह पुष्टि होना अभी बाकी है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static