शिवपाल ने रामगोपाल पर साधा निशाना, ठहराया चापलूस और पार्टी के बिखराव का मुख्य जिम्मेदार

punjabkesari.in Friday, Jun 23, 2017 - 08:00 PM (IST)

कन्नौज: समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता शिवपाल सिंह यादव ने जल्द ही सेक्युलर मोर्चा बनाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सेक्युलर मोर्चा बनेगा। इस पर काम चल रहा है। जल्द लखनऊ में अधिवेशन बुलाकर घोषणा की जाएगी। मोर्चा किसानों के लिए लड़ाई करेगा। पशु बाजारों की हालत खराब हो गई है। किसान व कारोबारी को हक दिलाने का काम होगा। 

शिवपाल ने ये बातें शुक्रवार को कन्नौज के गुरसहायगंज क्षेत्र के रामाश्रम में कही। इस दौरान शिवपाल ने बाबा जगत नारायण की समाधि पर पहुंच कर माथा टेका। उनके पुत्र डॉक्टर आनन्द यादव से कुटिया में बैठकर 15 मिनट तक बातचीत की। 

शिवपाल ने कहा प्रदेश की मौजूदा सरकार के कामकाज पर अभी बोलना जल्दबाजी होगा। जल्द इसको लेकर बात करेंगे। कन्नौज हमारे रग-रग में बसा है। यहां के गली कूचे से हम वाकिफ हैं। इसके बाद उनका काफिला रवाना हो गया। उनके साथ आए शिवपाल सिंह यादव फैंस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष आशीष चौबे ने कहा की जल्द प्रदेश के हर जिले में संगठन का विस्तार हो जाएगा।

रामगोपाल को चापलूस और पार्टी के बिखराव का बताया मुख्य जिम्मेदार
शिवपाल सिंह यादव ने अखिलेश, व रामगोपाल पर इशारों ही इशारों में तीखा हमला किया हैं। बिना नाम लिये रामगोपाल को चापलूस और पार्टी के बिखराव का मुख्य जिम्मेदार बताया। उन्होंने साफ किया कि अपनी ही पार्टी में अवैध कब्जे करने वालों, अवैध शराब बेचने वालों व गलत कार्य करने वालों का विरोध किया। लेकिन दु:ख तो यह है कि गलत काम करने वाले जीत गये। शिवपाल ने कहा कि सपा में बिखराव का कारण चापलूस व चुगलखोर हैं। हालात यहां तक कर दिये कि बेटे ने बाप का सम्मान तक नहीं किया तो पार्टी के नेता क्या करते।