मथुरा में व्यापारियों से वसूली करने वाला SI गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीटर संग मिलकर करता उगाही, अब हुआ तगड़ा एक्शन; 2 आरोपियों की तलाश तेज
punjabkesari.in Sunday, Jun 14, 2026 - 12:56 PM (IST)
Mathura News : मथुरा जिले के जैंत थानाक्षेत्र में चारधाम पुलिस चौकी के प्रभारी (दरोगा) को अपने हिस्ट्रीशीटर गुर्गों के माध्यम से स्थानीय दुकानदारों से कथित रूप से अवैध वसूली करने एवं अवैध पार्किंग चलवाने के मामले में गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विभागीय जांच बैठायी गयी है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार इसके अलावा फरार हो चुके दो हिस्ट्रीशीटरों की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया कि एक सप्ताह पहले चार धाम पुलिस चौकी के उप निरीक्षक शशांक कौशिक के विरुद्ध स्थानीय दुकानदारों ने दो युवकों द्वारा मासिक चौथ के रूप में 15 से 20 हजार रुपये तक की वसूली किए जाने का आरोप लगाया गया था। एसएसपी ने बताया कि इस शिकायत पर उन्होंने सदर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) पीतम पाल सिंह से मामले की जांच कराई तो यह शिकायतें सही पाई गईं। कुमार के अनुसार उन्हें प्रथम दृष्टया जांच में पता लगा कि उक्त चौकी प्रभारी अपनी पूर्व तैनाती स्थल अलीगढ़ के इगलास क्षेत्र के दो हिस्ट्रीशीटरों-रोहताश उर्फ विशाल तथा छोटू सोलंकी (निवासीगण दुमेड़ी गांव, थाना इगलास) को बुलाकर उनके हाथों वसूली करा रहे हैं।
एसएसपी ने इस रिपोर्ट पर शुक्रवार को उप निरीक्षक शशांक कौशिक तथा अवैध वसूली में संलिप्त दोनों हिस्ट्रीशीटरों के विरुद्ध थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराकर आरोपी चौकी प्रभारी को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि चूंकि चौकी प्रभारी के दोनों साथी उसकी गिरफ्तारी के बाद फरार हो गए, इसलिए उनके खिलाफ 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया है। कुमार ने कहा, विभाग में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा । उन्होंने बताया कि आरोपी चौकी प्रभारी को बीते तीन जून को ही उक्त पुलिस चौकी पर तैनात किया गया था।

