राजनाथ ने कहा, अखिलेश ने किया अपने पिता के सपनों को चूर-चूर

punjabkesari.in Sunday, Feb 26, 2017 - 10:30 AM (IST)

बहराइच:केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर आरोप लगाया कि उन्होंने कांग्रेस के साथ चुनावी गठबंधन कर अपने पिता के सपनों को चूर चूर कर दिया है। राजनाथ ने यहां एक चुनाव जनसभा में कहा कि अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन कर अपने पिता के सपनों को तोड़ा है। इसी कांग्रेस के खिलाफ उनके पिता मुलायम पूरा जीवन लड़ाई लड़ते आए। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को आड़े हाथ लेते हुए उन्होंने कहा कि राहुल खाट सभाएं कर रहे थे, लेकिन मौका मिलते ही वह साइकिल पर कूदकर सवार हो गए।

कमल हमेशा कीचड़ में ही खिलता है
उन्होंने कहा कि अब मुलायम सिंह यादव ने साइकिल पंचर कर दी है, जबकि शिवपाल सिंह यादव ने उसी साइकिल की चैन तोड़ दी है। बसपा के बारे में राजनाथ ने कहा कि हाथी की सेहत गिर गई है। हाथी का भोजन गन्ना है लेकिन उसकी सेहत गिर रही है, क्योंकि उसे करेंसी नोट खिलाए गए। उन्होंने कटाक्ष किया कि सपा, बसपा और कांग्रेस ने राज्य भर में कीचड़ फैला रखा है और कीचड़ में ही कमल खिलता है। राजनाथ ने भारत की आेर से की गई सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान के लोग भारत से अच्छे रिश्ते चाहते हैं लेकिन पाकिस्तानी आतंकवादी मानवता के दुश्मन हैं।