बूचडख़ाना विवाद: भाजपा नेताओं को मिली जान से मारने की धमकी

punjabkesari.in Monday, Mar 27, 2017 - 08:10 PM (IST)

बुलंदशहर: बूचडख़ानों पर उत्तर प्रदेश सरकार के फैसले के बाद देशभर में जहां इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं, वहीं बुलंदशहर में भाजपा विधायकों व कार्यकर्ताओं की हत्या करने का एक धमकी भरा पत्र आया है। बुलंदशहर के भाजपा विधायक विरेंद्र सिंह सिरोही के घर में एक पत्र आया जिसमें लिखा है कि कत्लखाने(बूचडख़ाने) बंद करवाने वाले भाजपा विधायकों की हत्या कर दी जाएगी अगर यह फैसला वापस नहीं लिया गया। अंतरदेशीय भेजने वाले व्यक्ति ने अपना नाम हाजी आरिफ लिखा है। हाजी आरिफ एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है और फिलहाल जिला बदर होने की वजह से शहर से बाहर है।

धमकी भरा खत सामने आने के बाद इसकी शिकायत पुलिस से की गई है। बुलंदशहर के एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने कहा कि मामले की एनसीआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। यूपी में भाजपा सरकार बनते ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने अवैध बूचडख़ानों को तत्काल बंद करने का आदेश दिया है। जिसके बाद प्रदेशभर में कई बूचडख़ानों में ताला लग गया है। हालांकि इसके विरोध में पूरे प्रदेश के मीट व्यवसायी आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं।