निर्भया केस में मनमोहन को चूडिय़ां भेजी थीं अब किसे भेंट करेंगी के सवाल पर बोलीं स्मृति ईरानी..

punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2020 - 08:09 PM (IST)

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के हाथरस और बलरामपुर में गैंगरेप के बाद बेटियों की हत्या कर दी गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मनमानी करते हुए रातों रात शवों को जला दिया। इन मामले को लेकर पूरे देश में आक्रोश है। लोगों के निशाने पर केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी हैं। जिन्होंने यूपीए की सरकार के समय और खास तौर से निर्भया मामले के बाद उन्होंने अपनी आवाज बुलंद की थी। स्मृति ईरानी ने तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को चूडिय़ां भेजी थी। उत्तर प्रदेश में इतनी बड़ी घटना हो गई लेकिन उनके मुंह से एक लफ्ज भी नहीं निकला है। एक न्यूज पेपर को दिए इंटरव्यू में जब उनसे सवाल पूछा गया तो उन्होंने जानिए क्या जवाब दिया...

सवाल: दुष्कर्म के खिलाफ आप आवाज उठाती रही हैं। अब हाथरस की बेटी के मामले में चुप क्यों हैं?
जवाब: राष्ट्रीय महिला आयोग और यूपी सरकार लगातार पीड़ित के परिवार के संपर्क में रहा है। जांच चल रही है, इसलिए मैं सार्वजनिक बयान नहीं दे रही हूं। मैंने मुख्यमंत्री से चर्चा की है। गृह विभाग के अधिकारियों से भी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि तत्काल एफआईआर दर्ज हुई थी। फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए पीड़ित को इंसाफ दिलाएंगे। यूपी सरकार ने एसआईटी के गठन की घोषणा की है।

सवाल: निर्भया केस के वक्त आपने तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को चूडिय़ां भेंट करने की पेशकश की थी। अब किसे भेंट करेंगी?
जवाब: मैं महिलाओं पर अत्याचार के खिलाफ जनता के आक्रोश को समझती हूं। सोशल मीडिया पर मुझे ट्रोल करने वालों के लिए मेरा कोई संदेश नहीं है। अमेठी जीतने के बाद यह स्वाभाविक था कि देश में मुद्दा कोई भी हो, निशाने पर हमेशा मैं रहूंगी। अमेठी लड़ते वक्त मैं यह जानती थी। मैंने इसे स्वीकार किया है।
 

Ajay kumar