तीन साल में 7 बार सांप ने काटा, रोशनी हर बार मौत को दे रही मात – इलाज करने वाले डॉक्टर भी हैरान

punjabkesari.in Friday, Jul 18, 2025 - 10:10 AM (IST)

Banda News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जहां एक महिला को पिछले 3 सालों में 7वीं बार सांप ने काट लिया है। बिसंडा थाना क्षेत्र के कोर्रही गांव की रहने वाली 38 वर्षीय महिला रोशनी को बीते गुरुवार सुबह फिर से एक काले सांप ने डस लिया। सबसे हैरानी की बात यह है कि इससे पहले भी उसी महिला को 6 बार सांप काट चुका है और हर बार वो बच भी गई।

इस बार घर में काम करते समय हुआ हमला
मिली जानकारी के मुताबिक, बीते गुरुवार सुबह रोशनी अपने घर में काम कर रही थी, तभी एक काले रंग के सांप ने उसे डस लिया। आसपास रहने वाले पड़ोसी जुबैर ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जुबैर का दावा है कि यह वही काला सांप है, जिसने पहले भी रोशनी को कई बार डसा है। वह कभी खेत में, कभी पशुबाड़े में, तो कभी घर के पास रोशनी को डस चुका है।

डॉक्टर भी मामले को बता रहे दुर्लभ
जिला अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर डॉ. विनीत सचान ने पुष्टि की है कि रोशनी को यह 7वीं बार सांप ने काटा है। डॉ. विनीत ने कहा कि यह बहुत ही रेयर केस है। फिलहाल रोशनी की हालत स्थिर है और हम लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं।

सवाल जो अब खड़े हो रहे हैं...
यह घटना अब लोगों और डॉक्टरों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। कुछ बड़े सवाल भी सामने आए हैं जैसे:
- क्या एक ही सांप बार-बार रोशनी को निशाना बना रहा है?
- क्या इसके पीछे कोई वैज्ञानिक वजह है, या ये सिर्फ अंधविश्वास है?
- आखिर बार-बार उसी महिला को क्यों डस रहा है सांप?

गांव वाले कर रहे दुआ, रोशनी की हालत फिलहाल ठीक
गांव में रोशनी की कहानी को लेकर चर्चा तेज है। लोग इसे चमत्कार भी कह रहे हैं, तो कुछ लोग डर और आशंका में हैं। गांव के लोग दुआ कर रहे हैं कि रोशनी इस बार भी ठीक हो जाए, क्योंकि हर बार की तरह इस बार भी वह सांप के जहर से लड़ रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static