हैवान बना बेटा! 70 साल की बीमार मां को लात-घूंसों से जमकर पीटा, Video हुआ Viral — पुलिस ने दर्ज की FIR
punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 09:48 AM (IST)
Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद जिले के मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में एक गंभीर मामला सामने आया है। जहां संजय नगर, सेक्टर 23, जागृति विहार के मकान नंबर 22 में रहने वाली 70 वर्षीय महिला के साथ उनके बेटे निशांत ठाकुर (44 वर्ष) द्वारा मारपीट करने का सीसीटीवी वीडियो वायरल हुआ है।
मामले का पूरा विवरण
वीडियो के मुताबिक, निशांत अपनी बीमार मां के साथ मारपीट करता दिख रहा है। निशांत की बहन निशा, जो अमेरिका में रहती हैं, ने अपनी मां के कमरे में सीसीटीवी कैमरा लगवाया था। निशा ने वीडियो देखकर देखा कि निशांत किस तरह अपनी मां को पीट रहा है। उन्होंने यह वीडियो सोसाइटी के लोगों के साथ साझा किया, जिससे मामला सार्वजनिक हुआ।
परिवार और तलाक का मामला
निशांत राघव विवाहित हैं और उनके चार बच्चे हैं — दो बेटे और दो बेटियां। निशांत की शादी लगभग 17 साल पहले ममता से हुई थी। निशांत की नशे की लत और लगातार घरेलू कलह के कारण उनके रिश्ते बिगड़ गए। पिछले ढाई साल से तलाक का मामला अदालत में विचाराधीन है। ममता फिलहाल निशांत से अलग जागृति विहार में रह रही हैं। निशांत तीन महीने पहले नोएडा के नशा मुक्ति केंद्र से उपचार करके लौटे हैं।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, थाना मधुबन बापूधाम में वायरल वीडियो की जांच की गई। वीडियो में निशांत को अपनी 70 वर्षीय मां के साथ मारपीट करते देखा गया। पुलिस ने निशांत को हिरासत में लिया और उसके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच जारी है।

