'केरल गौहत्या मामले में देश से माफी मांगें सोनिया गांधी'

punjabkesari.in Monday, May 29, 2017 - 05:58 PM (IST)

लखनऊ: केरल में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताआें द्वारा एक बछड़े का कथित वध किये जाने के मामले को ‘सरेआम जघन्य अपराध’ करार देते हुए उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा ने आज कहा कि लोगों की भावनाआें को ठेस पहुंचायी गयी है इसलिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी देश से माफी मांगें। 

शर्मा ने बातचीत के दौरान कहा, ‘‘केरल में जो कुछ हुआ, उससे कांग्रेस पार्टी का घिनौना चेहरा देश की जनता के सामने आया है। आजादी से अब तक कांग्रेस ने सिर्फ जहर घोलने की राजनीति की है। लोगों को बांटने की राजनीति की है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अब तो ये पराकाष्ठा है इनकी हताशा की। अब तो सरेआम जघन्य और घिनौना अपराध किया गया है, जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता...बहुत बड़े समाज का अपमान किया गया है। अगर थोड़ी बहुत भी शर्म है तो माफी मांगनी चाहिए।’’

शर्मा ने कहा, ‘‘गाय को मां के रूप में देखा जाता है। हम लोगों की भावनाआें का ठेस पहुंचाने का काम किया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष (सोनिया गांधी) को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि केरल में ये जो कसाई हैं और जिन्होंने इस तरह से बर्बरता की है, उन लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो तथा उनको गिरफ्तार किया जाए।  मंत्री ने कहा कि जो लोग हर छोटी बड़ी चीजों पर विरोध करते हैं। घरों से बाहर आते हैं। पुरस्कार वापसी का नाटक करते हैं। ‘‘आज एेसे छद्म धर्मनिरपेक्ष लोग इस घटना पर चुप हैं। उनकी चुप्पी भी शर्मनाक है।’’

उल्लेखनीय है कि इस घटना के सुर्खियों में आने के बाद केरल पुलिस ने युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताआें के खिलाफ मामला दर्ज किया है।