अखिलेश ने लखनऊ मध्य सीट से सपा प्रत्याशी का काटा टिकट, कांग्रेस ने ठोंकी ताल

punjabkesari.in Tuesday, Jan 31, 2017 - 08:28 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन के खिलाफ पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के खुले विद्रोह के बीच महत्वपूर्ण लखनऊ मध्य सीट से पार्टी ने अपने प्रत्याशी को हटाकर यह सीट कांग्रेस को दे दी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने देर रात इस सीट से अपने प्रत्याशी प्रदेश के परिवार कल्याण मंत्री रविदास मेहरोत्रा का टिकट काट दिया। यह सीट कांग्रेस के मारूफ खान को दे दी गयी है। रविदास मेहरोत्रा ने कल गाजे-बाजे के साथ सपा के टिकट पर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था।

मारूफ ने आज बताया कि कांग्रेस महासचिव गुलाम नवी आजाद ने आधी रात को उन्हें फोन कर आज नामांकन दाखिल करने के लिए कहा। नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन है। लखनऊ कैन्ट सीट पर पहले कांग्रेस की प्रत्याशी रीता बहुगुणा जोशी हुआ करती थी। उनके हाल ही में भाजपा में शामिल होने के बाद कांग्रेस ने इस सीट की मांग की थी। भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी रीता बहुगुणा के खिलाफ सपा ने इस सीट से अपर्णा यादव को मैदान में उतारा है।

मारूफ ने निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव प्रचार किया था लेकिन गठबंधन की घोषणा के बाद वह तनाव में थे। उन्हें अब सपा सदस्य मेहरोत्रा के विद्रोह का मुकाबला करना होगा। मेहरोत्रा अब या तो निर्दलीय के रूप में या किसी अन्य चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ सकते हैं। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के संयुक्त  रूप से पिछले रविवार को लखनऊ मध्य निर्वाचन क्षेत्र के मध्य से रोड शो की सफलता के बाद प्रत्याशी बदलने का निर्णय लिया गया।

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें