सपा सरकार का काम नहीं, अपराध बोल रहा: मायावती

punjabkesari.in Tuesday, Feb 21, 2017 - 05:24 PM (IST)

बस्ती/गोण्डा: बहुजन समाज पार्टी अध्यक्ष मायावती ने कहा है कि समाजवादी पार्टी (सपा) का काम नहीं अपराध बोल रहा है। मायावती आज बस्ती और गोण्डा में आयोजित सभाओं में कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। सपा के शासनकाल में बलात्कार, गुण्डागर्दी और अपराध बढ़े हैं और जमीनों पर कब्जे हो रहे हैं। विकास का कोई काम नहीं हो रहा है। बसपा की सरकार ने अपने शासनकाल में जिन योजनाओं को शुरू किया था उन्हीं का नाम बदल दिया गया। कई योजनाओं को आधा अधूरा बनाकर उद्घाटन कर वाह-वाही लूटी जा रही है। 

सपा गठबंधन को बताया स्वार्थियों का जमावड़ा
उन्होंने कांग्रेस और सपा गठबंधन को स्वार्थियों का जमावड़ा करार देते हुए कहा कि प्रदेश की जनता इन लोगों को भली भांति जानती है। सपा सरकार में अपराधों का बोल-बाला रहा है। महिलाएं सबसे ज्यादा पीड़ित रही। उन्होंने अल्पसंख्यकों को सावधान किया कि सपा को वोट दिया तो उनका वोट बर्बाद जायेगा। यदि अल्पसंख्यक समाज गुमराह हुआ तो उसका सीधा लाभ भाजपा को मिलेगा और भाजपा प्रदेश में आरएसएस का एजेंडा लागू करेगी।

केन्द्र सरकार सभी मोर्चो पर विफल 
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बसपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज कसते हुए मायावती ने कहा कि केन्द्र सरकार सभी मोर्चो पर विफल है। जनता से किये वादे भूल गये है। अब तक कोई भी वादा पूरा नहीं किया गया। बसपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनके पिता मुलायम सिहं यादव पर पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव पर अपमानित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने राज्य में कानून का राज स्थापित करने के लिए लोगों से बसपा की सरकार बनाने की अपील की।