सपा ने कानून व्यवस्था को लेकर नाईक को सौंपा ज्ञापन, कहा-भाजपा के गुंडे कर रहे पुलिस की पिटाई

punjabkesari.in Saturday, Oct 07, 2017 - 08:27 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी(सपा) ने उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर लगाम लगाने के अनुरोध किया।

सपा मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने आज यहां बताया कि सपा के प्रतिनिधिमण्डल ने नाईक से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से प्रदेश में दिन-प्रतिदिन बिगड़ती कानून व्यवस्था पर विचार कर नियंत्रित करने का अनुरोध किया। नाईक को सौंपे ज्ञापन में सपा ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में निर्दोष लोगों को फर्जी मुकदमों में फंसाया जा रहा है। विकास ठप्प है। अल्पसंख्यक वर्ग दहशत में है। व्यापारी, महिलाएं, छात्राएं असुरक्षित हैं। मासूम बालिकाओं की दुष्कर्म के बाद हत्या, छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं से पूरा समाज शर्मसार है।

प्रतिनिधिमण्डल में प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद अहमद हसन, नेता विरोधी दल विधान सभा रामगोविन्द चौधरी, मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी, एमएलसी रामसुन्दर दास निषाद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष छात्रसभा अतुल प्रधान शामिल थे। चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने छल कपट और जनता से झूठे वायदे किये और सत्ता हासिल कर ली।

प्रदेश में भाजपा के सात माह से अधिक शासन के दौरान कानून व्यवस्था खस्ताहाल है। भाजपा के गुंडे पुलिस की पिटाई कर रहे हैं। थानों में उन्हीं नेताओं का राज है। पुलिस बल का प्रयोग विपक्ष को दबाने, फंसाने और उसको प्रताडि़त करने के लिये किया जा रहा है। निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्षों एवं ब्लाक प्रमुखों को हटाकर भाजपा के लोगों को बिठाने में प्रशासन ने नंगा नाच किया हैं। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था सुधारने के नाम पर फर्जी एनकाउंटर किये जा रहे हैं। निर्दोष लोगों को मौत के घाट उतारा जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा स्वीकृत एवं पूर्ण योजनाओं को अधूरा दिखाकर योगी उनका पुन: लोकार्पण कर प्रदेश की जनता को गुमराह कर रहे हैं।